आसनसोल के विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार, नगर निगम मुख्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न
आसनसोल, 22 नवंबर (हि. स.)। आसनसोल शहर की बुनियादी नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और लंबित विकास कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से रविवार को आसनसोल नगर निगम मुख्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पाल और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री डॉ. अजय पोद्दार ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ शहर की समस्याओं तथा विकास परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी एस. पोन्नमबलम, आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त, नगर निगम के प्रशासक एवं आयुक्त दिलीप मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, रानीगंज के विधायक पार्थ घोष और जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी भी शामिल हुए।
बैठक में मुख्य रूप से शहर की सड़कों की मरम्मत, पेयजल की उपलब्धता, जलनिकासी व्यवस्था, नालों की सफाई, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई, आवारा पशुओं की समस्या और सरकारी आवास योजनाओं के क्रियान्वयन जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर नागरिक समस्याओं का समाधान करने तथा विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया गया।
अग्निमित्रा पाल
बैठक के बाद कहा कि आसनसोल शहरी क्षेत्र में आने वाले दिनों में किन विकास कार्यों को प्राथमिकता देने पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा हुई है। शहर की कई ऐसी सड़कें हैं, जिनकी मरम्मत अब तक नहीं हो पाई है। उनकी स्थिति की समीक्षा की गई है। इसके साथ ही पेयजल की उपलब्धता और जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। बरसात के दौरान विभिन्न इलाकों में होने वाले जलजमाव से लोगों को राहत दिलाने के लिए नालों की सफाई और आवश्यक सुधार कार्यों पर भी चर्चा हुई।
उन्होंने बताया कि सरकारी आवास योजनाओं का लाभ योग्य लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए शिविर आयोजित करने पर विचार किया गया है। शहर के तालाबों का जीर्णोद्धार एवं संरक्षण, आवारा कुत्तों की समस्या और पक्षियों के लिए भोजन की व्यवस्था जैसे विषय भी बैठक के एजेंडे में शामिल रहे। संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर इन समस्याओं के समाधान की दिशा में काम किया जाएगा।
राज्य के पीडब्ल्यूडी मंत्री डॉ. अजय पोद्दार ने पश्चिम बंगाल में सड़कों की बदहाल स्थिति और राष्ट्रीय राजमार्गों पर लगने वाले जाम को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि सरकार सड़क निर्माण और मरम्मत के लिए पूरी तरह तैयार है। लोक निर्माण विभाग के पास सड़क निर्माण के लिए 200 से 250 टेंडर तैयार हैं। सरकार को काम करने के लिए थोड़ा समय देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अगले दो से तीन वर्षों में पश्चिम बंगाल की सड़कें दिल्ली और मुंबई के बराबर होंगी। राज्य में प्रवेश करने के बाद किसी को यह कहने का मौका नहीं मिलेगा कि यहां की सड़कें खराब हैं।
डॉ. पोद्दार ने आसनसोल के निकट बोगरा इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोजाना लगने वाले जाम का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि यहां सुबह से शाम तक यातायात प्रभावित रहता है। इस समस्या के समाधान के लिए सर्विस रोड का निर्माण और उसे पूरा करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि पहले सर्विस रोड के रखरखाव की जिम्मेदारी को लेकर केंद्र और राज्य के बीच स्पष्टता नहीं थी, जिसके कारण इन सड़कों की उपेक्षा होती थी। अब निर्णय लिया गया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) सर्विस रोड का भी मुख्य सड़क की तरह रखरखाव करेगा। इससे सर्विस रोड की स्थिति में सुधार होगा और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि समस्याएं सामने आने पर उनका समाधान भी किया जाएगा।
मंत्री अग्निमित्रा पाल ने बताया कि आगामी 27 नवंबर को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी दुर्गापुर आएंगे। इस दौरान विकास कार्यों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक होगी। इसमें पिछले छह महीनों के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं और विकास परियोजनाओं में हुई प्रगति का आकलन किया जाएगा।
आसनसोल नगर निगम मुख्यालय में हुई इस बैठक में शहर की बुनियादी समस्याओं के साथ-साथ सड़क विकास और यातायात व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता मिली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

