home page

ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस आज टुकड़े-टुकड़े हो गई : अग्निमित्रा पाल

 | 
ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस आज टुकड़े-टुकड़े हो गई : अग्निमित्रा पाल


पश्चिम बर्दवान, 18 सितंबर (हि. स.)। बर्नपुर भारती भवन में दुर्गापूजा को लेकर आयोजित बैठक में शामिल होने पहुंचीं भाजपा नेता एवं पश्चिम बंगाल की शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान तृणमूल कांग्रेस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। तृणमूल कांग्रेस के नाम और चुनाव चिह्न को लेकर निर्वाचन आयोग के हालिया फैसले पर उन्होंने कहा कि जिस राजनीतिक पार्टी की अपनी विचारधारा और संगठनात्मक आधार कमजोर हो जाता है तथा जो जनता से कट जाता है, उसकी स्थिति ऐसी ही होती है।

अग्निमित्रा पाल ने कहा कि “ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस आज टुकड़े-टुकड़े हो गई। जो लोग देश के टुकड़े होने की बात करने वालों का समर्थन करते थे, आज उनकी पार्टी ही टुकड़ों में बंट गई है। भगवान है, ईश्वर है।” तृणमूल को मिले फुटबॉल खिलाड़ी के चुनाव चिह्न पर तंज कसते हुए उन्होंने ‘खेला होबे’ नारे का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता अब राजनीतिक खेल में नहीं, बल्कि विकास में रुचि रखती है।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में बंगाल को काफी नुकसान हुआ है और राज्य को दूसरे राज्यों की तरह तेजी से आगे बढ़ाने की जरूरत है। उनका कहना था कि केवल ‘खेला होबे’ की राजनीति से राज्य का विकास नहीं हो सकता।

अवैध निर्माण और अग्नि सुरक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि राज्य में अवैध रूप से बने भवनों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का ऑडिट कराया जाएगा। फायर ऑडिट में नियमों का पालन नहीं मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि संबंधित प्रतिष्ठानों को नियमों के अनुरूप व्यवस्था सुधारने का समय दिया जाएगा और नियमों का पालन करने के बाद ही उन्हें दोबारा खोलने की अनुमति दी जाएगी। किसी फ्लैट में कई कमरे बनाकर किराये पर देने, फायर एग्जिट नहीं होने या अग्नि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने जैसी स्थितियों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उनका कहना था कि किसी हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है।

औद्योगिक निवेश के मुद्दे पर अग्निमित्रा पाल ने कहा कि राज्य में सिर्फ सिंगूर ही नहीं, बल्कि पूरे पश्चिम बंगाल में उद्योग और निवेश लाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की पहल पर ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स (जीओएम) का गठन हुआ है, जिसमें उन्हें भी शामिल किया गया है। राज्य में ऐसी लैंड पॉलिसी तैयार करने पर काम हो रहा है, जिससे निवेशकों को जमीन से संबंधित परेशानियों का सामना न करना पड़े और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को जमीन पर लागू किया जा सके। उनके अनुसार फ्रांस, इटली और जर्मनी समेत विभिन्न देशों के निवेशक भी बंगाल में निवेश की संभावनाएं तलाश रहे हैं।

अग्निमित्रा पाल ने बांग्लादेश से कथित घुसपैठ का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि बांग्लादेश से आए कुछ लोग आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने पुलिस से ऐसे लोगों की पहचान और दस्तावेजों की जांच करने की मांग की। उन्होंने कहा कि संदिग्ध दस्तावेजों और पते की जांच कर वास्तविक पहचान सुनिश्चित की जानी चाहिए तथा कानून के मुताबिक कार्रवाई होनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा