नमामि गंगे और अमरुत परियोजनाओं की समीक्षा, मंत्री अग्निमित्रा पाल ने अधिकारियों के साथ की अहम बैठक
कोलकाता, 26 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल सरकार की नगर विकास एवं नगरपालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने गुरुवार को कोलकाता में नमामि गंगे और अमृत परियोजनाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विशेष प्रशासनिक बैठक की। बैठक में दोनों परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, कार्यों की प्रगति, क्रियान्वयन की प्रक्रिया तथा शहरी क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं के विकास से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में परियोजनाओं के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति और उन्हें निर्धारित योजना के अनुसार आगे बढ़ाने को लेकर अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया गया। मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर परियोजनाओं को तेजी और प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया जाए, ताकि निर्धारित योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंच सके।
नमामि गंगे परियोजना के तहत नदी संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, सीवेज प्रबंधन और नदी से संबंधित आधारभूत सुविधाओं के विकास जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की गई। वहीं अमृत परियोजना के तहत शहरी जलापूर्ति व्यवस्था, जल निकासी, आधारभूत संरचना के विकास और नागरिक सेवाओं में सुधार से जुड़े विषयों पर भी ध्यान दिया गया।
बैठक में परियोजनाओं के कार्यान्वयन के दौरान सामने आने वाली चुनौतियों, प्रशासनिक समन्वय और कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों के साथ योजनाओं की प्रगति और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की, ताकि शहरी क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति दी जा सके।
नगर विकास एवं नगरपालिका मामलों के विभाग की ओर से संचालित इन परियोजनाओं का उद्देश्य शहरी आधारभूत संरचना को मजबूत करने, नागरिक सुविधाओं में सुधार और विकास योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू करना है। बैठक के जरिए इन योजनाओं को लेकर प्रशासनिक स्तर पर समन्वय और कार्यों की गति बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

