home page

दामोदर में डूबे किशोर का चार दिन बाद भी नहीं मिला सुराग, परिजनों से मिलीं मंत्री अग्निमित्रा पाल

 | 
दामोदर में डूबे किशोर का चार दिन बाद भी नहीं मिला सुराग, परिजनों से मिलीं मंत्री अग्निमित्रा पाल


आसनसोल, 22 नवंबर (हि. स.)। दामोदर नदी में 19 नवंबर को स्नान करने के दौरान डूबे किशोर का चार दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। किशोर की तलाश में पुलिस और गोताखोर लगातार अभियान चला रहे हैं, परिवार की चिंता और बेचैनी बढ़ती जा रही है। रविवार को राज्य की मंत्री एवं आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पाल किशोर के किराड़ी स्थित आवास पहुंचीं और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

परिवार से बातचीत के दौरान अग्निमित्रा पाल ने उनके सामने ही जिलाधिकारी और पुलिस आयुक्त से फोन पर बात कर मामले में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल घटनास्थल के आसपास ही तलाश सीमित नहीं रखी जाए, बल्कि नदी की धारा के साथ संभावित स्थानों पर भी खोज अभियान चलाया जाए। उन्होंने विशेष रूप से दुर्गापुर बैराज तक तलाश करने और रास्ते में पड़ने वाले सभी संबंधित थानों को सतर्क रखने का आग्रह किया, ताकि यदि शव पानी के बहाव में आगे चला गया हो तो उसका पता लगाया जा सके। उन्होंने गोताखोरों को घटनास्थल के आसपास नदी के गहरे हिस्सों और पत्थरों के बीच भी तलाशी लेने को कहा। किशोर के साथ मौजूद दोस्त को भी घटनास्थल और उसे आखिरी बार जिस स्थान पर देखा गया था, उसकी जानकारी के आधार पर तलाश में सहयोग लेने की बात कही।

मंत्री ने कहा कि पिछले तीन-चार दिनों से लगातार बारिश होने के कारण नदी का जलस्तर बढ़ गया था, जिससे गोताखोरों को तलाश अभियान चलाने में काफी परेशानी हुई। अब मौसम साफ होने और पानी का स्तर कम होने के बाद खोज अभियान तेज किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि परिवार के लिए अपने बच्चे का पता चलना बेहद जरूरी है। उम्मीद है कि वह सकुशल वापस लौट आए, लेकिन यदि कोई अनहोनी हुई है तो कम से कम परिवार को उसका शव मिलना चाहिए, ताकि वे अंतिम संस्कार कर सकें।

अग्निमित्रा पाल ने बताया कि वह पिछले चार दिनों से लगातार पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले को मुख्यमंत्री के संज्ञान में भी लाया जाएगा। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि वे उनके साथ खड़ी हैं और किशोर की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए मंत्री ने कहा कि दामोदर सहित राज्य की अन्य नदियों में भी इस तरह की घटनाएं रोकने के लिए तत्काल ठोस व्यवस्था करने की जरूरत है। नदी घाटों पर सुरक्षित और खतरनाक क्षेत्रों का सीमांकन होना चाहिए। जहां पूजा-पाठ, छठ या स्नान की अनुमति हो, उस सुरक्षित क्षेत्र को स्पष्ट रूप से चिह्नित किया जाए। इसके बाहर लोगों को नदी में उतरने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की जाए या जरूरत के अनुसार पुलिस की तैनाती हो।

मंत्री ने दामोदर नदी की मौजूदा स्थिति के लिए पूर्ववर्ती सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी की सरकार के कार्यकाल में दामोदर ही नहीं, बल्कि अजय नदी और उत्तर बंगाल की कई नदियों में बड़े पैमाने पर बालू चोरी और अवैध खनन हुआ, जिससे नदियों का प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि नदियों में कहां कितनी गहराई है, यह पता लगाना भी मुश्किल हो गया है। सरकार को इस दिशा में भी गंभीरता से काम करना होगा।

अग्निमित्रा पाल ने बताया कि पीड़ित परिवार बेहद गरीब आदिवासी परिवार है और वह उनके विधानसभा क्षेत्र के किराड़ी का निवासी है। उन्होंने कहा कि आर्थिक सहायता या नौकरी जैसी मदद अपनी जगह है, लेकिन किसी माता-पिता के लिए उनके बच्चे का कोई विकल्प नहीं हो सकता। उन्होंने प्रशासन से खोज अभियान में तेजी लाने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा