दामोदर नदी में प्रदूषण बर्दास्त नहीं किया जायेगा : मंत्री अग्निमित्रा पाल
आसनसोल, 29 नवंबर (हि. स.)। बर्नपुर स्थित सेल-आईएसपी (इस्को स्टील प्लांट)कारखाने से निकलने वाले कथित प्रदूषित पानी के सीधे दामोदर नदी में मिलने का मामला एक बार फिर गरमा गया है। नदी को प्रदूषण से बचाने की मांग को लेकर आदिवासी समाज ने आवाज बुलंद की है। आदिवासी यूथ एंड स्टूडेंट फोरम ने कारखाने से निकलने वाले काले और प्रदूषित पानी के नदी में प्रवाहित होने पर गंभीर चिंता जताते हुए इसे तत्काल बंद करने की मांग की है।
फोरम की ओर से आरोप लगाया गया है कि सेल-आईएसपी कारखाने से निकलने वाला दूषित अपशिष्ट जल सीधे दामोदर नदी में मिल रहा है। इससे नदी का पानी प्रदूषित हो रहा है और पर्यावरण के साथ-साथ नदी पर निर्भर लोगों के जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
आदिवासी यूथ एंड स्टूडेंट फोरम का कहना है कि इस समस्या को लेकर पहले भी कारखाना प्रबंधन को अवगत कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। वर्ष 2025 में भी इस मामले को लेकर जिलाधिकारी को लिखित शिकायत दी गई थी। समस्या का समाधान नहीं होने पर आदिवासी समाज ने फिर से विरोध जताया है।
इस मामले पर राज्य की मंत्री एवं आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पाल ने भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
नदी को प्रदूषित करने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती। कारखाने से निकलने वाले काले और प्रदूषित पानी को हर हाल में दामोदर नदी में जाने से रोकना होगा। इसके लिए आवश्यक कदम उठाने होंगे।
आदिवासी यूथ एंड स्टूडेंट फोरम के अध्यक्ष हीरालाल सोरेन ने कहा कि दामोदर नदी क्षेत्र के लोगों के लिए जीवनरेखा है। नदी को प्रदूषित करना पर्यावरण और आम लोगों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। इस समस्या को लेकर संगठन पहले भी सेल-आईएसपी प्रबंधन और जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर चुका है। वर्ष 2025 में जिलाधिकारी को लिखित शिकायत देने के बावजूद अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने मांग की कि कारखाने से निकलने वाले प्रदूषित पानी को नदी में जाने से तत्काल रोका जाए और इसके लिए स्थायी व्यवस्था की जाए। साथ ही पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए।
आदिवासी समाज ने स्पष्ट किया है कि दामोदर नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए उनकी आवाज आगे भी बुलंद रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

