home page

तसलीमा नसरीन की कोलकाता वापसी पर मंत्री अग्निमित्रा पाल ने किया स्वागत

 | 
तसलीमा नसरीन की कोलकाता वापसी पर मंत्री अग्निमित्रा पाल ने किया स्वागत


कोलकाता, 01 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल सरकार की महिला एवं शिशु विकास तथा शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने चर्चित बांग्ला लेखिका तसलीमा नसरीन की लगभग दो दशक बाद कोलकाता वापसी का स्वागत किया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक भावनात्मक संदेश साझा करते हुए तसलीमा नसरीन के आगमन को कोलकाता और बंगाल के साहित्यिक-सांस्कृतिक जीवन के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण बताया।

अग्निमित्रा पॉल ने अपने संदेश में लिखा कि कुछ घर-वापसियां केवल यात्राएं नहीं होतीं, बल्कि वे ऐसी भावनात्मक घड़ियां होती हैं जो यादों, संवेदनाओं और पूरे शहर की सामूहिक चेतना को झकझोर देती हैं। उन्होंने कहा कि तसलीमा नसरीन का कोलकाता से हमेशा गहरा साहित्यिक और भावनात्मक रिश्ता रहा है। वर्ष 2007 की घटनाओं और उसके बाद उत्पन्न सुरक्षा परिस्थितियों के कारण उन्हें लंबे समय तक शहर से दूर रहना पड़ा था, इसलिए लगभग दो दशक बाद उनकी वापसी विशेष महत्व रखती है।

मंत्री ने अपने संदेश में यह भी कहा कि मई 2026 में पश्चिम बंगाल में नई सरकार बनने के बाद राज्य में विकास, शांति, सुरक्षा और सुशासन की दिशा में सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं। इसी पृष्ठभूमि में तसलीमा नसरीन की वापसी राज्य की समृद्ध साहित्यिक विरासत, बौद्धिक परंपरा और कोलकाता से उनके अटूट संबंध को फिर से जीवंत करने वाला अवसर है।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह यात्रा पुरानी यादों को ताज़ा करेगी और भविष्य में भी तसलीमा नसरीन का कोलकाता आना-जाना जारी रहेगा। अंत में अग्निमित्रा पॉल ने तसलीमा नसरीन के उत्तम स्वास्थ्य, सुखद जीवन और 'सिटी ऑफ जॉय' कोलकाता में उनके यादगार प्रवास की शुभकामनाएं दीं।

मंत्री की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर भी तसलीमा नसरीन की वापसी को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा