संदेशखाली में हथियार बरामदगी पर बोलीं अग्निमित्रा— अपराधियों के कब्जे में चली गई थी व्यवस्था, अब हो रहा शुद्धिकरण
कोलकाता, 07 जून (हि.स.)।
पश्चिम बंगाल सरकार की महिला व शिशु कल्याण तथा शहरी विकास मंत्री अग्निमित्र पाल ने उत्तर बंगाल के दौरे के पूर्व बात करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में शुद्धिकरण का कार्य चल रहा है। मंत्री अग्निमित्रा पाल ने बसीरहाट के संदेशखाली क्षेत्र में भारी मात्रा में हथियार बरामद होने की घटना को लेकर राज्य की पूर्व सरकारों और तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्षों तक सीमावर्ती क्षेत्रों में उचित निगरानी और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर प्रभावी फेंसिंग नहीं होने के कारण अपराधी तत्वों को बढ़ावा मिला और व्यवस्था धीरे-धीरे अपराधियों के नियंत्रण में चली गई।
मंत्री ने कहा, पिछली सरकारों के समय अपराधियों को संरक्षण मिला। स्थिति ऐसी हो गई थी कि व्यवस्था स्वयं अपराधियों द्वारा संचालित होने लगी थी। नई सरकार के आने के बाद अब शुद्धिकरण का कार्य शुरू हुआ है। पूरे सिस्टम की सफाई और सुधार का काम चल रहा है। इसमें थोड़ा समय लगेगा, लेकिन व्यवस्था को पूरी तरह साफ किया जाएगा।
अग्निमित्रा पाल ने बताया कि वह महिला एवं शिशु कल्याण विभाग के कार्यों की समीक्षा के लिए उत्तर बंगाल के दौरे पर जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मानसून का मौसम सामने है और पिछले वर्ष उत्तर बंगाल में बाढ़ की गंभीर स्थिति उत्पन्न हुई थी। ऐसे में जमीनी स्तर पर तैयारियों और सरकारी योजनाओं की स्थिति का आकलन करना आवश्यक है।
उन्होंने राज्य की राजनीतिक स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि विभिन्न नगर निगमों और नगरपालिका क्षेत्रों में तृणमूल कांग्रेस के मेयर, पार्षद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों के इस्तीफे सामने आ रहे हैं। उनके अनुसार, ऐसी स्थिति में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए सरकार का जमीनी स्तर पर सक्रिय रहना जरूरी हो गया है।
मंत्री ने कहा कि वर्ष 2013 में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने स्वयं कहा था कि यदि नगरपालिका और परिषदों में उनकी पार्टी के प्रतिनिधि नहीं रहेंगे तो शासन चलाना कठिन हो जाएगा। आज उसी तृणमूल कांग्रेस के कई जनप्रतिनिधि अपने पद छोड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता को समस्याओं के बीच छोड़कर भागने वाले नेताओं के घरों से राहत सामग्री, सरकारी सामान और अन्य संसाधन बरामद हो रहे हैं।
अग्निमित्रा पाल ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस के कई नेताओं ने वर्षों तक जनता को उनके अधिकारों से वंचित रखा है। अब कानून अपना काम कर रहा है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में विकास की जो गति शुरू हुई है, उसे किसी भी कीमत पर रुकने नहीं दिया जाएगा। चाहे दार्जिलिंग का पहाड़ी क्षेत्र हो या राज्य का कोई अन्य इलाका, विकास की योजनाएं हर क्षेत्र तक पहुंचेंगी और जनता को उनका लाभ मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

