home page

रंगदारी वसूली पर अग्निमित्रा पाल की सख्त चेतावनी, कहा– दोषी भाजपा कार्यकर्ताओं को पार्टी से निकाला जाएगा

 | 
रंगदारी वसूली पर अग्निमित्रा पाल की सख्त चेतावनी, कहा– दोषी भाजपा कार्यकर्ताओं को पार्टी से निकाला जाएगा


कोलकाता, 03 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने पार्टी के भीतर कथित रंगदारी वसूली और भ्रष्टाचार को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि किसी के खिलाफ रंगदारी वसूली की शिकायत मिलती है तो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और दोषी पाए जाने पर संबंधित नेता या कार्यकर्ता को पार्टी से बाहर कर दिया जाएगा।

इससे पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं को 15 दिन का समय देते हुए चेतावनी दी थी कि यदि इस दौरान वे अपने आचरण में सुधार नहीं लाते हैं तो भाजपा उन्हें सख्ती से जवाब देगी। इसके बाद पंचायत मंत्री दिलीप घोष ने भी स्पष्ट किया था कि पार्टी में किसी को भी छूट नहीं मिलेगी और सभी के कार्यों का हिसाब लिया जाएगा।

अब उसी क्रम में अग्निमित्रा पाल ने कहा कि रंगदारी वसूली के मामले में भाजपा की नीति पूरी तरह स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य का निर्देश ही अंतिम है और यदि कोई इस तरह की गतिविधियों में शामिल पाया जाता है तो उसे पार्टी से निष्कासित कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि ऐसे मामलों में कुछ लोगों के खिलाफ पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है।

अग्निमित्रा पाल ने यह भी स्पष्ट किया कि शिकायत दर्ज कराने के लिए जारी हेल्पलाइन का दुरुपयोग करने वालों पर भी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति व्यक्तिगत दुश्मनी या किसी को झूठे मामले में फंसाने के उद्देश्य से शिकायत करता है, तो उसका मोबाइल नंबर भी रिकॉर्ड में रहेगा और उसके खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा