कॉलेज स्ट्रीट एवं पार्क स्ट्रीट में मंत्री अग्निमित्रा पाल ने फुटपाथ कब्जे पर दी चेतावनी
कोलकाता, 22 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल सरकार की महिला एवं शिशु कल्याण तथा शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने बुधवार को कोलकाता के कॉलेज स्ट्रीट एवं पार्क स्ट्रीट इलाके का दौरा कर फुटपाथों पर हुए अवैध अतिक्रमण का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले और दुकानों का सामान सड़क तक फैलाने वाले व्यापारियों से बातचीत कर उन्हें नियमों का पालन करने की सलाह दी।
मंत्री अग्निमित्रा पाल ने दुकानदारों से कहा कि यदि वे थोड़ी भी नैतिकता दिखाएं तो कम से कम पैदल चलने वाले लोगों के लिए फुटपाथ का पर्याप्त हिस्सा खाली छोड़ दें। उन्होंने कहा कि एक ओर फुटपाथ पर अस्थायी दुकानें लगाई जा रही हैं, तो दूसरी ओर कई स्थायी दुकानदार तिरपाल और अन्य सामान लगाकर अपनी दुकानों का दायरा फुटपाथ तक बढ़ा रहे हैं। यह व्यवस्था किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि फुटपाथ आम लोगों के चलने के लिए बनाए गए हैं, न कि व्यापार करने के लिए। इसलिए फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त रखना सभी की जिम्मेदारी है।
पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देश पर दुर्गा पूजा तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर फिलहाल रोक लगाई गई है, ताकि त्योहार के दौरान व्यापारियों को किसी तरह की परेशानी न हो। हालांकि उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह राहत केवल अस्थायी है।
अग्निमित्रा पाल ने कहा कि दुर्गा पूजा के बाद पूरे राज्य में फुटपाथों से अवैध कब्जा हटाने का अभियान तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों को पैदल चलने के लिए सुरक्षित और खुला फुटपाथ उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

