home page

आसनसोल को जाम-मुक्त बनाने की तैयारी, बाजार से हटेगा अवैध अतिक्रमण

 | 
आसनसोल को जाम-मुक्त बनाने की तैयारी, बाजार से हटेगा अवैध अतिक्रमण


पश्चिम बर्दवान, 09 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की शहरी विकास एवं नगरपालिका मंत्री अग्निमित्रा पाल ने बुधवार को आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों के साथ शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रैफिक व्यवस्था, अवैध अतिक्रमण, पार्किंग और बस स्टैंड की अव्यवस्था का जायजा लिया तथा अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान मंत्री ने देखा कि बाजार की कई सड़कें और फुटपाथ दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण से घिरे हुए हैं। सड़क किनारे सामान रखने और ठेले लगाए जाने के कारण पैदल यात्रियों के साथ-साथ वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। इस पर उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि आम लोगों की सुविधा सर्वोपरि है और जहां भी अवैध कब्जा है, उसे तत्काल हटाया जाए।

अग्निमित्रा पाल ने कहा कि आसनसोल को आधुनिक, स्वच्छ और सुव्यवस्थित शहर बनाने के लिए पार्किंग व्यवस्था को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि नगर निगम शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नई पार्किंग स्थलों की पहचान कर रहा है। साथ ही भविष्य में यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण की दिशा में भी कदम उठाए जाएंगे, ताकि लोग सड़क पर वाहन खड़े करने के बजाय निर्धारित पार्किंग का उपयोग करें।

मंत्री ने बस स्टैंड की व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कई बस चालक बस स्टैंड के भीतर जाने के बजाय सड़क पर ही बस रोककर यात्रियों को बैठाते हैं, जिससे लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने पुलिस और परिवहन विभाग को निर्देश दिया कि सभी बसें निर्धारित बस स्टैंड से ही यात्रियों को लेकर चलें तथा सड़क पर बस रोककर सवारी भरने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शहर में ट्रैफिक सुधार, अतिक्रमण हटाने और पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विस्तृत चर्चा भी हुई।

मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य आसनसोल को जाम-मुक्त, स्वच्छ और सुंदर शहर के रूप में विकसित करना है। इसके लिए प्रशासन अपनी जिम्मेदारी निभाएगा, लेकिन शहर को व्यवस्थित रखने में आम नागरिकों और व्यापारियों का सहयोग भी आवश्यक होगा। उन्होंने लोगों से नियमों का पालन करने और प्रशासन के साथ मिलकर शहर को बेहतर बनाने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा