भारी बारिश से अलीपुर चिड़ियाघर में जलजमाव, पाइपलाइन लीकेज के बाद मौके पर पहुंचीं मंत्री अग्निमित्रा पाल
कोलकाता, 19 जून (हि. स.)। महानगर कोलकाता में लगातार हो रही तेज बारिश के बीच अलीपुर चिड़ियाघर के एक हिस्से में जलजमाव की स्थिति बन गई। बताया गया कि चिड़ियाघर से होकर गुजरने वाली आदि गंगा की जल पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण बड़ी मात्रा में पानी जमा हो गया, जिससे चिड़ियाघर परिसर का एक हिस्सा प्रभावित हुआ।
घटना की सूचना पाकर राज्य की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया। मंत्री ने बताया कि सुबह कोलकाता म्युनिसिपल कॉरपोरेशन के कमिश्नर ने उन्हें फोन कर स्थिति की जानकारी दी कि पाइपलाइन में लीकेज के कारण अलीपुर चिड़ियाघर में पानी भरने लगा है।स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तत्काल कोलकाता म्युनिसिपल कॉरपोरेशन की टीम को लगाया गया। दो बड़े सक्शन वाहन और मोटर चालित पंपों की मदद से तेजी से पानी निकासी का काम शुरू किया गया। इसके अलावा चिड़ियाघर प्रशासन की ओर से भी अतिरिक्त मोटरों के जरिए पानी निकालने की व्यवस्था की गई।
मंत्री ने बताया कि जलभराव का सबसे अधिक असर उस क्षेत्र में देखा गया जहां कंगारू और चिंपांजी रखे गए हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से जानवरों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
अग्निमित्रा पाल ने कहा कि लगातार बारिश के कारण कोलकाता के कई हिस्सों में जलजमाव की स्थिति बनी है, लेकिन सरकार और नगर निगम पूरी तरह सक्रिय हैं और हर शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी समस्या की स्थिति में कोलकाता म्युनिसिपल कॉरपोरेशन की हेल्पलाइन और संबंधित विभागों से संपर्क करें।
प्रशासन को उम्मीद है कि अगले कुछ घंटों में चिड़ियाघर परिसर से जमा पानी पूरी तरह निकाल लिया जाएगा और स्थिति सामान्य हो जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

