home page

ट्रांसजेंडर समाज के सशक्तिकरण पर विकास भवन में अहम बैठक संपन्न

 | 
ट्रांसजेंडर समाज के सशक्तिकरण पर विकास भवन में अहम बैठक संपन्न


ट्रांसजेंडर समाज के सशक्तिकरण पर विकास भवन में अहम बैठक संपन्न


कोलकाता, 25 मई (हि. स.)। कोलकाता के विकास भवन में सोमवार को महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ ट्रांसजेंडर समाज के समग्र विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता मंत्री अग्निमित्रा पाल ने की, जहां ट्रांसजेंडर समुदाय के सामाजिक, आर्थिक और व्यावसायिक सशक्तिकरण पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए ठोस योजनाएं बनाने पर जोर दिया गया। अग्निमित्रा पाल ने स्पष्ट कहा कि समाज में ट्रांसजेंडर लोगों को केवल सहानुभूति नहीं, बल्कि अवसर और सम्मान की आवश्यकता है।

मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि हमने आज ट्रांसजेंडर समाज के वेलफेयर पर गंभीरता से विचार किया। अक्सर देखा जाता है कि ट्रैफिक सिग्नल या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर ट्रांसजेंडर लोग भीख मांगने को मजबूर होते हैं। हमारी कोशिश है कि उन्हें इस स्थिति से बाहर निकालकर आत्मनिर्भर बनाया जाए। इसके लिए स्किल डेवलपमेंट पर जोर दिया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि ट्रांसजेंडर समुदाय को कॉस्मेटिक सेक्टर, ब्यूटी सर्विसेस और ब्लड कलेक्शन सेंटर जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं। इससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगे और समाज की मुख्यधारा में शामिल हो सकेंगे।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विभागीय स्तर पर विशेष ट्रेनिंग प्रोग्राम तैयार किए जाएंगे, जिससे ट्रांसजेंडर समुदाय को व्यावसायिक कौशल सिखाया जा सके। साथ ही, उनके लिए स्वरोजगार और नौकरी के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार जल्द ही ट्रांसजेंडर समाज के लिए एक व्यापक स्किल डेवलपमेंट योजना शुरू कर सकती है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे जमीनी स्तर पर सर्वे कर जरूरतमंद लोगों की पहचान करें और उन्हें प्रशिक्षण से जोड़ें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा