home page

तृणमूल नेताओं को अपने कर्मों का फल मिल रहा, जनता ने लूट और भ्रष्टाचार का जवाब दिया : अग्निमित्रा पाल

 | 
तृणमूल नेताओं को अपने कर्मों का फल मिल रहा, जनता ने लूट और भ्रष्टाचार का जवाब दिया : अग्निमित्रा पाल


पश्चिम बर्दवान, 07 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल सरकार की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने राज्य की राजनीति, प्रशासनिक व्यवस्था, मदरसा शिक्षा, तृणमूल कांग्रेस नेताओं पर हो रही कार्रवाई तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को लेकर कई महत्वपूर्ण बयान दिए। उन्होंने कहा कि राज्य में मदरसों को 5713 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जा रहा है, लेकिन यह समीक्षा होनी चाहिए कि इससे कितने विद्यार्थियों को वास्तविक लाभ मिल रहा है और उनमें से कितने बच्चे वैज्ञानिक, इंजीनियर या डॉक्टर बन रहे हैं।

उनका कहना था कि मदरसा शिक्षा व्यवस्था में आधुनिक शिक्षा का समुचित समावेश होना चाहिए ताकि विद्यार्थियों को बेहतर अवसर मिल सकें। भाजपा चाहती है कि पश्चिम बंगाल के विकास की यात्रा में समाज के सभी वर्गों को समान रूप से लाभ मिले।

मानसून की तैयारियों को लेकर मंत्री ने कहा कि विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के निर्देश पर वह स्थिति का जायजा लेने पहुंची हैं। पिछले वर्ष मानसून के दौरान कोलकाता, दक्षिण बंगाल और उत्तर बंगाल के कई इलाके जलभराव और बाढ़ से प्रभावित हुए थे। मौसम विभाग की चेतावनियों को देखते हुए आगामी दिनों में संभावित बाढ़ और जलजमाव की स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों, नगरपालिकाओं और प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

तृणमूल कांग्रेस नेताओं पर हो रही कार्रवाई के संबंध में अग्निमित्रा पाल ने कहा कि बंगाल की जनता ने भाजपा को बड़ा जनादेश देकर बदलाव की उम्मीद जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले वर्षों में सिंडिकेट राज, लूट, चोरी और भ्रष्टाचार का जो तंत्र खड़ा किया गया था, उसके खिलाफ अब कार्रवाई हो रही है। उनका कहना था कि जो लोग यह मान बैठे थे कि उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता, जनता ने उन्हें लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया है।

मंत्री ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में तृणमूल कांग्रेस के कई नेताओं ने सत्ता का दुरुपयोग किया और जनता को ठगा। अब उनके कर्मों का परिणाम सामने आ रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए अग्निमित्रा पाल ने कहा कि देश में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने वाले नेताओं में नरेंद्र मोदी का नाम प्रमुखता से लिया जाता है और भाजपा उनके नेतृत्व की उपलब्धियों का सम्मान करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी आज दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेताओं में शामिल हैं। अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों और वैश्विक तनाव के दौर में भी भारत ने संतुलित और शांतिपूर्ण विदेश नीति का परिचय दिया है। प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता, नेतृत्व क्षमता और कूटनीतिक सूझबूझ के कारण भारत आज वैश्विक मंच पर मजबूत और प्रभावशाली भूमिका निभा रहा है तथा दुनिया को शांति और स्थिरता का संदेश दे रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा