home page

अग्निमित्रा पाल ने घुसपैठ, अन्नपूर्णा भंडार और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर पूर्व तृणमूल सरकार को घेरा

 | 
अग्निमित्रा पाल ने घुसपैठ, अन्नपूर्णा भंडार और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर पूर्व तृणमूल सरकार को घेरा


पश्चिम बर्दवान, 27 मई (हि. स.)। महिला एवं बाल विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने पूर्व तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने वोट बैंक की राजनीति के लिए घुसपैठियों को संरक्षण दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठियों के आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर कार्ड और राशन कार्ड बनाकर उन्हें भारतीय नागरिकों के अधिकार दिए गए, जबकि असली नागरिकों के अधिकार छीने गए।

उन्होंने कहा कि अब जब घुसपैठियों को बाहर निकालने की बात हो रही है तो कुछ लोग संवेदना दिखाने की बात कर रहे हैं। वरिष्ठ अधिवक्ता विकास रंजन भट्टाचार्य के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि घुसपैठियों की तुलना परम पूज्य दलाई लामा से करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि दलाई लामा को भारत में शरण तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की अनुमति से मानवीय आधार पर दी गई थी, जबकि घुसपैठियों को राजनीतिक लाभ और वोट बैंक के लिए इस्तेमाल किया गया।

अग्निमित्रा पाल ने दावा किया कि बंगाल की जनता अब सब कुछ समझ चुकी है और आने वाले समय में तृणमूल कांग्रेस का जनाधार और कमजोर होगा। अन्नपूर्णा भंडार योजना को लेकर उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कई तरह की अफवाहें और गलत जानकारियां फैलाई जा रही हैं।

उन्होंने लोगों से मुख्यमंत्री की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करने की अपील करते हुए कहा कि योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा और सभी नियमों की जानकारी आधिकारिक रूप से दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होने को लेकर अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व करेगा। यदि कोई विधायक, नेता या कार्यकर्ता भ्रष्टाचार, अपराध या लोगों को प्रताड़ित करने में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई होगी।

विष्णुपुर के विधायक दिलीप मंडल की गिरफ्तारी और मुख्यमंत्री के खिलाफ दर्ज एफआईआर पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता भ्रष्टाचार या अपराध में पाई जाती है तो कानून के तहत कार्रवाई होना स्वाभाविक है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में पुलिस पर राजनीतिक दबाव बनाया गया, लेकिन अब पुलिस को स्वतंत्र रूप से काम करने की छूट मिली है। धार्मिक मुद्दों पर बोलते हुए अग्निमित्रा पाल ने कहा कि कोई भी व्यक्ति राजनीतिक लाभ के लिए किसी धर्म का अपमान नहीं कर सकता।

उन्होंने कहा कि यदि कोई हिंदू, मुस्लिम, बौद्ध, सिख या किसी अन्य धर्म का अपमान करेगा तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। बकरीद को लेकर उन्होंने सभी मुस्लिम भाइयों और बहनों को शुभकामनाएं दीं। साथ ही कहा कि कुर्बानी से जुड़े सरकारी नियम पहले से लागू हैं और अधिकृत सरकारी स्लॉटर हाउस में ही पशु वध होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल सरकार इन नियमों को सही तरीके से लागू करने में विफल रही है।

अग्निमित्रा पाल ने बर्नपुर गुरुद्वारा स्कूल में कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि उन्हें स्कूल में वित्तीय गड़बड़ी, बच्चों से जुड़े मामलों और नियुक्तियों में अनियमितताओं की शिकायतें मिली हैं। उन्होंने संकेत दिया कि इस मामले में आगे जांच की मांग की जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा