home page

तृणमूल नेताओं को अब देना होगा हिसाब : अग्निमित्रा पाल

 | 
तृणमूल नेताओं को अब देना होगा हिसाब : अग्निमित्रा पाल


पश्चिम बर्दवान, 05 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल सरकार की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने पूर्व मंत्री अरूप विश्वास के भाई स्वरूप विश्वास की गिरफ्तारी को लेकर कहा कि पिछले 15 वर्षों के दौरान तृणमूल कांग्रेस के शासन में कई नेताओं और मंत्रियों ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर लोगों को परेशान किया, अवैध गतिविधियों में शामिल रहे और आम जनता का शोषण किया। उन्होंने कहा कि अब उन सभी कार्यों का कानूनी तरीके से हिसाब लिया जा रहा है और इसी प्रक्रिया के तहत स्वरूप विश्वास को गिरफ्तार किया गया है।

अग्निमित्रा पाल ने आरोप लगाया कि टॉलीगंज, जो बांग्ला फिल्म उद्योग का प्रमुख केंद्र है, वहां स्वरूप विश्वास का अत्यधिक प्रभाव था। उनके इशारे के बिना लोगों को काम नहीं मिलता था और कलाकारों तथा तकनीशियनों को डराने-धमकाने का माहौल बनाया गया था। कई लोगों ने स्वरूप विश्वास के खिलाफ शिकायतें दर्ज कराई हैं और कानून उन शिकायतों के आधार पर उचित कार्रवाई करेगा।

वहीं, कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम के इस्तीफे की अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए अग्निमित्रा पाल ने कहा कि यह तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के गैरजिम्मेदाराना रवैये और स्वार्थपूर्ण राजनीति को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगमों को चलाने वाले नेताओं ने वर्षों तक भ्रष्टाचार किया और नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं देने में विफल रहे।

उन्होंने कहा कि सत्ता परिवर्तन के बाद अब कुछ नेता अपने पद छोड़ने की बात कर रहे हैं, जबकि कुछ ही दिनों में मानसून आने वाला है और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की जरूरत है।

अग्निमित्रा पाल ने कहा कि जनता की समस्याओं की चिंता करने के बजाय पद छोड़ने की चर्चा करना तृणमूल कांग्रेस का वास्तविक चेहरा उजागर करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा