home page

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर गरजीं अग्निमित्रा पाल, तृणमूल पर साधा निशाना

 | 
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर गरजीं अग्निमित्रा पाल, तृणमूल पर साधा निशाना


कोलकाता, 06 जुलाई (हि. स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पश्चिम बंगाल दौरे और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा विधायक एवं राज्य मंत्री अग्निमित्रा पाल ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कई राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने एक ओर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को याद किया तो दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए पूर्व राज्य सरकार की कार्यशैली और विपक्ष की राजनीति पर सवाल उठाए।

अग्निमित्रा पाल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के प्रयासों के कारण ही पश्चिम बंगाल भारत का हिस्सा बन सका है। डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी के समर्पण को बुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने उनके योगदान को इतिहास से मिटाने की कोशिश की, लेकिन इतिहास के सत्य को बदला नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार डॉ. मुखर्जी की विरासत को सम्मान दे रही है और उनकी जयंती पूरे सम्मान के साथ मना रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बंगाल को विकास की नई दिशा मिली है, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पार्टी के प्रमुख रणनीतिकार हैं। उनके अनुसार, अमित शाह का पश्चिम बंगाल आगमन कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह और प्रेरणा का विषय है।

बारुईपुर में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए अग्निमित्रा पाल ने कहा कि दोषी चाहे किसी भी धर्म, जाति या राजनीतिक दल से जुड़ा हो, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और कानून के अनुसार दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में महिलाओं के खिलाफ हुई घटनाओं पर तत्कालीन सरकार संवेदनशील नहीं रही और अब कुछ नेता केवल राजनीतिक लाभ के लिए घटनास्थलों पर जाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है और किसी को भी लोगों को भड़काने या अशांति फैलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

अग्निमित्रा पाल ने कहा कि भाजपा वोट बैंक की राजनीति नहीं बल्कि विकास की राजनीति में विश्वास करती है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है और सरकार सभी वर्गों के लोगों के लिए बिना किसी धार्मिक या राजनीतिक भेदभाव के काम कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा