home page

अभया की पुण्यतिथि पर मंत्री अग्निमित्रा पाल का भावुक संदेश

 | 
अभया की पुण्यतिथि पर मंत्री अग्निमित्रा पाल का भावुक संदेश


आसनसोल, 09 अगस्त (हि.स.)।

आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की घटना में मृतका डॉक्टर ‘अभया’ की पुण्यतिथि पर रविवार को मंत्री अग्निमित्रा पाल ने भावुक संदेश साझा कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने अपने फेसबुक सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से डॉक्टर, नर्स, अस्पतालकर्मी और अधिकारियों समेत सभी से दो मिनट का मौन रखकर अभया को श्रद्धांजलि देने की अपील की।

मंत्री अग्निमित्रा पाल ने अपने संदेश में कहा कि आज उनकी बहन डॉक्टर अभया की मृत्यु की वर्षगांठ है। उन्होंने अपील की कि सुबह 11 बजे से 11 बजकर 2 मिनट तक देशभर में जहां भी लोग हैं, वहीं दो मिनट का मौन रखकर अभया को याद करें।

उन्होंने कहा कि यह मौन केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि अभया के प्रति सम्मान और यह संकल्प भी है कि भविष्य में किसी और ‘अभया’ के साथ ऐसी घटना न हो। उन्होंने सरकारी और निजी अस्पतालों के डॉक्टरों, नर्सों, अस्पताल से जुड़े कर्मचारियों और अधिकारियों से भी इस मौन कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया।

अग्निमित्रा पाल ने अपने संदेश में कहा कि अभया को हम भूले नहीं हैं और उन्हें सम्मान, श्रद्धा और प्यार के साथ याद करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि दो मिनट का यह मौन इस बात का संदेश होगा कि “बहन अभया, हम तुम्हें भूले नहीं हैं।”

गौरतलब है कि आरजी कर कांड के बाद ‘अभया’ नाम से पहचान दी गई महिला डॉक्टर की याद में उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मंत्री की इस अपील को इसी क्रम में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा