home page

हेलमेट पहनकर बूथों पर पहुंचीं भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पाल

 | 
हेलमेट पहनकर बूथों पर पहुंचीं भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पाल


आसनसोल, 23 अप्रैल (हि. स.)। विधानसभा चुनाव के दौरान आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पाल हेलमेट पहनकर अपने क्षेत्र के विभिन्न बूथों का दौरा करती नजर आईं। उनके इस अनोखे अंदाज ने आम लोगों के साथ-साथ राजनीतिक हलकों में भी चर्चा का विषय बना दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, हाल ही में बूथ निरीक्षण के दौरान अग्निमित्रा पाल के काफिले पर कुछ अज्ञात लोगों द्वारा पत्थरबाजी की गई। इस घटना में उनकी गाड़ी को नुकसान पहुंचा, हालांकि वह सुरक्षित रहीं।पत्थरबाजी की घटना के बाद अग्निमित्रा पाल ने सुरक्षा को देखते हुए हेलमेट पहनकर ही बूथों का दौरा शुरू किया। वह अपने समर्थकों और काफिले के साथ विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया। हेलमेट पहने उनका यह वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

अग्निमित्रा पाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हमलावर दोबारा पत्थरबाजी कर सकते हैं, इसलिए उन्होंने अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट पहना है। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाके में जानबूझकर डर का माहौल बनाया जा रहा है और मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।

इस घटना के बाद भाजपा और सत्तारूढ़ पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। आसनसोल दक्षिण में चुनावी माहौल और अधिक गरमा गया है।

जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने का आश्वासन दिया है। प्रशासन की ओर से संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा