दार्जिलिंग–मिरिक दौरे पर पहुंची मंत्री अग्निमित्रा पाल, जल समस्या समाधान पर जोर
दार्जिलिंग, 08 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की महिला, बाल विकास और सामाजिक कल्याण मंत्री अग्निमित्रा पाल सोमवार को दार्जिलिंग और मिरिक के दौरे पर पहुंची। दार्जिलिंग में उन्होंने सांसद राजू बिष्ट के साथ विभिन्न इलाकों का दौरा कर चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की।
दौरे के दौरान मंत्री ने खास तौर पर जल परियोजनाओं, पेयजल आपूर्ति व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इसके अलावा दार्जिलिंग में निर्माणाधीन नए लेक का भी निरीक्षण किया, जहां जल संरक्षण की व्यवस्था विकसित की जा रही है।
मंत्री ने इस दौरान स्थानीय लोगों से भी बातचीत की। इस दौरान लोगों ने पेयजल समेत कई बुनियादी समस्याओं को उनके सामने रखा। अग्निमित्रा पाल ने समस्याओं को ध्यान से सुनते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
इसके बाद वह मिरिक पहुंची, जहां स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने वहां की स्थिति का भी निरीक्षण किया और विकास कार्यों पर अधिकारियों के साथ चर्चा की।
मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि दार्जिलिंग पहाड़ों में पेयजल समस्या को जल्द दूर करने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे है। उन्होंने चेतावनी दी कि पहाड़ी क्षेत्रों में कहीं भी अवैध निर्माण या गैरकानूनी बहुमंजिली इमारतें पाई गईं तो उन्हें चिन्हित कर नोटिस दिया जाएगा। नियमों का पालन नहीं होने पर सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए ऐसे निर्माण को ध्वस्त किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

