मंत्री अग्निमित्रा पाल का वीडियो संदेश रंगदारी मांगने वालो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी
कोलकाता, 06 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल सरकार की महिला एवं शिशु कल्याण मंत्री तथा आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पाल ने अपने नाम का इस्तेमाल कर कथित रंगदारी और सिंडिकेट के नाम पर वसूली किए जाने के आरोपों को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी किया है। यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब बुधवार को आसनसोल दक्षिण थाना में मंत्री के नाम पर रंगदारी मांगने के आरोप में एक शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
वीडियो संदेश में मंत्री ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति उनके नाम पर, मुख्यमंत्री के नाम पर या किसी मंत्री का नाम लेकर लोगों से पैसे मांगता है, रंगदारी वसूलता है या सिंडिकेट के नाम पर अवैध वसूली करता है, तो लोग उस पर बिल्कुल भरोसा न करें।तुरंत उनसे या उनके कार्यालय से संपर्क कर इसकी जानकारी दें। सूचना मिलते ही उचित कार्रवाई की जाएगी।
अग्निमित्रा पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि कोई दलाली, सिंडिकेट या अवैध वसूली में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कदम उठाया जाएगा। इसलिए किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर प्रशासन कार्रवाई करेगा।
मंत्री ने यह भी कहा कि कई लोग उनके साथ खिंचवाई गई तस्वीरों का गलत इस्तेमाल कर लोगों को यह विश्वास दिलाने की कोशिश करते हैं कि उनका उनसे करीबी संबंध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक जीवन में हजारों लोगों के साथ तस्वीरें खिंच जाती हैं, इसका मतलब यह नहीं है कि वह व्यक्ति उनका प्रतिनिधि है या उनकी ओर से किसी से पैसे मांग सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

