'मुखोमुखी' कार्यक्रम में जनता से रूबरू हुईं मंत्री अग्निमित्रा पाल, विभिन्न सेवाओं पर दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
पश्चिम बर्दवान, 09 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल सरकार के नगर विकास एवं नगर निगम मामलों के विभाग की पहल पर गुरुवार को आसनसोल नगर निगम में मुखोमुखी जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य की नगर विकास एवं नगर निगम मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने स्वयं नागरिकों से फोन पर बात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कार्यक्रम में पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी एस. पोन्नमबलम, प्रशासक अदिति चौधरी, निगमायुक्त, सचिव, पुलिस प्रशासन तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक शिकायत की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाएगी और समाधान होने के बाद शिकायतकर्ता को एसएमएस के माध्यम से इसकी जानकारी भी दी जाएगी।
अग्निमित्रा पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देश पर सरकार जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले आम लोगों की समस्याएं सीधे सरकार तक नहीं पहुंच पाती थीं, लेकिन अब यह व्यवस्था की गई है कि नागरिक बिना किसी बिचौलिए के अपनी शिकायत सीधे मंत्री और अधिकारियों तक पहुंचा सकें। उन्होंने बताया कि हर सप्ताह मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को इस तरह का जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसकी शुरुआत फिलहाल आसनसोल नगर निगम से की गई है और जल्द ही चंदननगर सहित अन्य नगर निगम क्षेत्रों में भी इसे लागू किया जाएगा।
मंत्री ने नागरिकों से अपील की कि वे पानी, सड़क, स्ट्रीट लाइट, नाली, सफाई, अवैध निर्माण, तालाबों पर अतिक्रमण, प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों तथा फैक्ट्रियों द्वारा नदियों में छोड़े जा रहे अपशिष्ट जैसी किसी भी समस्या की जानकारी बेझिझक दें, ताकि प्रशासन प्रभावी कार्रवाई कर सके।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वार्डों और क्षेत्रों से नागरिकों ने फोन कर अपनी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं।
वार्ड 106 से नाली निर्माण और जल निकासी की गंभीर समस्या उठाई गई।
राजडांगा से सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग की गई।
बराकर से शिकायत मिली कि नाली के ऊपर अवैध कब्जा कर शौचालय बना दिया गया है, जिससे गंदगी और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।
अधिवक्ता अभिजीत बनर्जी ने सड़क किनारे जर्जर बिजली के खंभों और पेड़ों से दुर्घटना की आशंका जताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
वार्ड 63 (रामनगर) से बनी विद्यापीठ प्राथमिक विद्यालय की मरम्मत कराने की मांग उठी।
वार्ड 16 के लोगों ने नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं होने की शिकायत की।
मंत्री ने बरसात के बाद सड़क का स्थायी निर्माण कराने तथा फिलहाल आवश्यक मरम्मत कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने मोहित शिला मैदान में खिलाड़ियों के लिए इंडोर स्टेडियम बनाने की मांग भी रखी, जिस पर मंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाया।
वार्ड 74 के लगभग 50 परिवारों ने बताया कि वर्ष 2019 में जल कनेक्शन का शुल्क जमा करने के बावजूद अब तक हाउस वाटर कनेक्शन नहीं मिला है। साथ ही क्षेत्र में कई दिनों तक पानी नहीं आने की शिकायत भी की गई।
वार्ड 99 से कुल्टी स्थित मानिकेश्वर मंदिर के पास सड़क और घाट निर्माण की मांग रखी गई। मंत्री ने संबंधित आवेदन विधायक डॉ. अजय पोद्दार के माध्यम से भेजने और आवश्यक कार्रवाई कराने का निर्देश दिया।
निगरानी
मंत्री अग्निमित्रा पाल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत को तब तक बंद नहीं किया जाएगा, जब तक उसका समाधान नहीं हो जाता। शिकायतों की नियमित निगरानी की जाएगी और जरूरत पड़ने पर संबंधित विभागों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

