home page

नारायणकुड़ी में मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने किया विधायक कप का उद्घाटन

 | 
नारायणकुड़ी में मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने किया विधायक कप का उद्घाटन


पश्चिम बर्दवान, 23 अगस्त (हि. स.)। रानीगंज के नारायणकुड़ी इलाके में रविवार को एमएलए कप का उद्घाटन आसनसोल दक्षिण की विधायक एवं राज्य मंत्री अग्निमित्रा पाल ने किया। इस दौरान उन्होंने राज्य की पिछली सरकार और तृणमूल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

अग्निमित्रा पाल ने कहा कि बंगाल में अब ऐसी सरकार बनी है, जो विकास और आम लोगों के हित में काम करना चाहती है। लेकिन विपक्ष सरकार को काम करने से रोकने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि फुटपाथ पर अवैध कब्जा हटाने या अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई करने पर सरकार को मानवता का हवाला देकर घेरने की कोशिश की जाती है।

मंत्री ने आरोप लगाया कि पिछले 50 वर्षों में बंगाल को विकास के मामले में करीब 100 साल पीछे धकेल दिया गया। उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहता है कि मौजूदा सरकार भी काम न करे, लेकिन ऐसा होने नहीं दिया जाएगा।

तृणमूल कांग्रेस पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए अग्निमित्रा पाल ने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में अवैध गतिविधियों और भ्रष्टाचार ने अपनी जड़ें काफी मजबूत कर ली थीं। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था को पूरी तरह खत्म करने में समय लगेगा, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार भ्रष्टाचार को जड़ से समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।

अपराध पर रोकथाम के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह तृणमूल कांग्रेस की सरकार नहीं है, जो अपराधियों के साथ समझौता करके चलती थी। भाजपा सरकार अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएगी और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा