महिलाओं की सुरक्षा के लिए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस की नई पहल, शुरू हुआ ‘दुर्गा सुरक्षा स्क्वाड’
पश्चिम बर्दवान, 24 अगस्त (हि. स.)। महिलाओं की सुरक्षा को और मजबूत करने तथा आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने सोमवार को ‘दुर्गा सुरक्षा स्क्वाड’ की शुरुआत की। आसनसोल दक्षिण की विधायक तथा मंत्री अग्निमित्रा पाल ने आसनसोल के ऐतिहासिक शरत मंच में आयोजित विशेष कार्यक्रम में हरी झंडी दिखाकर इस विशेष दस्ते को रवाना किया गया।
कार्यक्रम में नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल, आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार, पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी एस. पोन्नमबलम, आसनसोल नगर निगम के कमिश्नर दिलीप मिश्रा सहित पुलिस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दुर्गापूजा समेत आगामी त्योहारों के दौरान बाजारों, शॉपिंग मॉल, पूजा पंडालों और सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए इस विशेष स्क्वाड का गठन किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, छेड़छाड़ की घटनाओं पर रोक और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करना है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दुर्गा सुरक्षा स्क्वाड’ के जवान आधुनिक हथियारों, त्वरित संचार व्यवस्था और गश्ती वाहनों से लैस रहेंगे। शहर के महत्वपूर्ण चौराहों, शॉपिंग मॉल, बस स्टैंड और पूजा पंडालों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी।
इस अवसर पर आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत आने वाले तीन थानों को बेहतर प्रशासनिक कार्य और थाना परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए सम्मानित भी किया गया। अंडाल, जमुड़िया और पांडवेश्वर थाना को उत्कृष्ट एवं स्वच्छ थाना के रूप में चुना गया। संबंधित थाना प्रभारियों को विशेष सम्मान और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने इस पहल को जनसुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान आम लोगों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की निगरानी और सक्रियता बढ़ाई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

