home page

मंत्री अग्निमित्रा पॉल की सख्त चेतावनी - मेरे नाम पर वसूली बर्दाश्त नहीं

 | 
मंत्री अग्निमित्रा पॉल की सख्त चेतावनी - मेरे नाम पर वसूली बर्दाश्त नहीं


पश्चिम बर्दवान, 18 जुलाई (हि.स.)।

राज्य की नगर विकास एवं नगर उन्नयन मंत्री तथा आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पॉल ने उनके नाम पर कथित रूप से की जा रही वसूली, कटमनी, सिंडिकेट और एक्सटॉर्शन के मामलों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर आम जनता से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति उनके, मुख्यमंत्री या सरकार के किसी मंत्री के नाम पर पैसे मांगता है तो उसकी तत्काल शिकायत करें।

अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से उनके पास लगातार शिकायतें पहुंच रही हैं कि कुछ लोग उनके नाम का इस्तेमाल कर बाजारों और व्यापारियों से पैसे वसूलने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस तरह की गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पहले ही स्पष्ट निर्देश दे चुके हैं कि कटमनी, गुंडा टैक्स, सिंडिकेट और जबरन वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यदि आवश्यकता पड़ी तो वह स्वयं भी ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कदम उठाएंगी।

मंत्री ने लोगों से अपील की कि किसी भी शिकायत के साथ ठोस सबूत जरूर रखें। उन्होंने कहा कि कई बार कुछ लोग किसी को बदनाम करने के लिए भी उनका नाम इस्तेमाल करते हैं, इसलिए बिना प्रमाण के किसी भी आरोप पर कार्रवाई करना संभव नहीं है।

अग्निमित्रा पॉल ने लोगों को सतर्क करते हुए कहा कि केवल किसी व्यक्ति के साथ उनकी तस्वीर देखकर उस पर विश्वास न करें। उन्होंने कहा कि हजारों लोगों के साथ उनकी तस्वीरें हैं, इसलिए कोई भी व्यक्ति फोटो दिखाकर यह दावा करे कि उसे उनकी ओर से भेजा गया है, तो ऐसे दावों पर भरोसा न करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा