मंत्री अग्निमित्रा पाल ने योग दिवस पर किया योगभ्यास
पश्चिम बर्दवान, 18 जून (हि. स.)। महानगर कोलकाता के भवानीपुर में गुरूवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल सरकार की महिला एवं शिशु कल्याण तथा शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने सफाई कर्मियों के साथ योगाभ्यास किया। उन्हें योग के महत्व तथा स्वास्थ्य पर इसके सकारात्मक प्रभावों की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रशासन की आगामी योजना की भी घोषणा की।
मंत्री ने कहा कि शहर में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए लोगों को तीन महीने का समय दिया गया है। जून माह लगभग समाप्त हो चुका है जबकि जुलाई और अगस्त अभी शेष हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक सितंबर से सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जाएगी तथा जुर्माना लगाया जाएगा।
आर.जी. कर अस्पताल की डॉक्टर की हत्या मामले को लेकर अग्निमित्रा पाल ने राज्य सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में केवल एक व्यक्ति संजय राय की संलिप्तता की बात स्वीकार करना पर्याप्त नहीं है और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष तथा विस्तृत जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच होनी चाहिए और यदि आवश्यक हो तो संबंधित लोगों से पूछताछ की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में उत्तर बंगाल के डॉक्टरों की भी संलिप्ता की बात सुनी जा रही है
मंत्री ने कहा कि राज्य की जनता पीड़िता को न्याय दिलाने की अपेक्षा रखती है और जांच एजेंसियों को तथ्यों के आधार पर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि मामले में यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने नागरिकों से शहर को स्वच्छ रखने, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाने तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

