सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए बर्नपुर में महिला बाइक चालकों में हेलमेट वितरण
आसनसोल, 05 अगस्त (हि.स.)।
महिला सुरक्षा और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आसनसोल के बर्नपुर स्थित त्रिवेणी मोड़ पर महिला दोपहिया वाहन चालकों के बीच हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर राज्य की लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री अग्निमित्रा पाल ने स्वयं महिला वाहन चालकों को हेलमेट पहनाकर सुरक्षित यात्रा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। बड़ी संख्या में महिलाएं रोजाना दोपहिया वाहन से अपने कार्यस्थल तक आती-जाती हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि केवल कार्यस्थल तक पहुंचना ही नहीं, बल्कि सुरक्षित घर लौटना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग हर महिला के लिए आवश्यक है। हेलमेट केवल यातायात नियमों का पालन करने का माध्यम नहीं, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में जीवन बचाने वाला महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच भी है।
कार्यक्रम के माध्यम से महिला चालकों को हेलमेट पहनने की आदत अपनाने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। उपस्थित लोगों ने भी सुरक्षित यातायात व्यवस्था और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

