home page

स्वच्छता के मामले में तारकेश्वर को मिला पश्चिम बंगाल में पहला स्थान, अग्निमित्रा पाल ने मुख्यमंत्री शुभेदु अधिकारी को दिया श्रेय

 | 
स्वच्छता के मामले में तारकेश्वर को मिला पश्चिम बंगाल में पहला स्थान, अग्निमित्रा पाल ने मुख्यमंत्री शुभेदु अधिकारी को दिया श्रेय


कोलकाता , 12 नवंबर (हि.स.)।

पश्चिम बंगाल के लिए स्वच्छता के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। राज्य के ऐतिहासिक धार्मिक नगरी तारकेश्वर ने स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार 2025-26 में पश्चिम बंगाल के सबसे स्वच्छ शहर के रूप में पहचान हासिल की है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में बुधवार को आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। पश्चिम बंगाल की ओर से शहरी विकास एवं नगरपालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने राज्य के प्रतिनिधिमंडल के साथ यह सम्मान ग्रहण किया।

इस उपलब्धि के बाद मुख्यमंत्री शुभेदु अधिकारी और मंत्री अग्निमित्रा पाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी खुशी जाहिर की। मुख्यमंत्री ने तारकेश्वर के नागरिकों, स्थानीय नगरपालिका अधिकारियों, जिला प्रशासन, शहरी विकास एवं नगरपालिका मामलों के विभाग और विशेष रूप से दिन-रात मेहनत करने वाले स्वच्छता कर्मियों को बधाई दी।

मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर इस उपलब्धि को पूरे पश्चिम बंगाल के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने लिखा कि तारकेश्वर को स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह 2025-26 में 'स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी ऑफ वेस्ट बंगाल' के प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया है।

मुख्यमंत्री ने तारकेश्वर के लोगों, स्थानीय नगरपालिका प्रशासन, जिला प्रशासन और राज्य के शहरी विकास एवं नगरपालिका मामलों के विभाग को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने विशेष रूप से उन स्वच्छता कर्मियों के योगदान की सराहना की, जिन्होंने शहर को स्वच्छ रखने के लिए लगातार मेहनत की।

उनके संदेश का मुख्य भाव यह था कि यह सम्मान किसी एक विभाग या व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि शहर के नागरिकों, प्रशासन और सफाईकर्मियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

मुख्यमंत्री के पोस्ट को साझा करते हुए शहरी विकास एवं नगरपालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने संदेश में मुख्यमंत्री के निरंतर प्रोत्साहन और सहयोग को इस उपलब्धि का महत्वपूर्ण आधार बताया।

अग्निमित्रा पाल ने लिखा कि यह उपलब्धि मुख्यमंत्री के लगातार प्रोत्साहन और सहयोग के कारण संभव हो सकी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एक मजबूत चट्टान की तरह उनके साथ खड़े रहे और आगे बढ़ने का रास्ता दिखाया।

उन्होंने अपने संदेश में आगे कहा कि अगली बार और अधिक सम्मान एवं पुरस्कार हासिल कर मुख्यमंत्री को गौरवान्वित करने का प्रयास किया जाएगा।

मंत्री ने अपने संदेश के अंत में इस सम्मान को केवल तारकेश्वर की उपलब्धि तक सीमित नहीं रखते हुए पूरे बंगाल की जनता को समर्पित किया। उन्होंने कहा, यह पुरस्कार बंगाल के लोगों के लिए है।

उनके इस संदेश में मुख्यमंत्री के प्रति आभार के साथ-साथ राज्य में स्वच्छता के क्षेत्र में और बेहतर काम करने का संकल्प भी दिखाई दिया।

तारकेश्वर की इस उपलब्धि के पीछे श्रावणी मेले के दौरान किए गए व्यापक स्वच्छता प्रबंधन को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। तारकेश्वर एक प्रमुख धार्मिक तीर्थस्थल है, जहां श्रावणी मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। इतनी बड़ी भीड़ के बावजूद शहर को स्वच्छ बनाए रखना नगरपालिका प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होती है।

इस चुनौती से निपटने के लिए नगरपालिका ने पूरे शहर को 10 स्वच्छता जोन में बांटा था। 14 सुपरवाइजरों की निगरानी में 180 सफाईकर्मियों को दो शिफ्टों में तैनात किया गया था। मेले के दौरान और उसके बाद 1,500 मीट्रिक टन से अधिक कचरे की सफाई की गई। इसमें मेले के दौरान उत्पन्न लगभग 500 मीट्रिक टन कचरे को वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण के लिए बैद्यबाटी रीजनल वेस्ट मैनेजमेंट सेंटर भेजा गया।

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत पश्चिम बंगाल के 130 शहरी निकायों का मूल्यांकन किया गया। इस सर्वेक्षण में शहरों की साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन, नागरिक सहभागिता और नगरपालिका सेवाओं सहित विभिन्न मानकों को ध्यान में रखा गया। करीब 150 स्वच्छता मानकों के आधार पर किए गए मूल्यांकन में तारकेश्वर ने राज्य में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

इस सम्मान से न केवल तारकेश्वर नगरपालिका का गौरव बढ़ा है, बल्कि पश्चिम बंगाल के अन्य शहरों और नगरपालिकाओं के सामने भी बेहतर स्वच्छता व्यवस्था विकसित करने की प्रेरणा प्रस्तुत हुई है।

मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी और मंत्री अग्निमित्रा पाल के संदेशों से यह स्पष्ट है कि राज्य सरकार इस उपलब्धि को शुरुआत के रूप में देख रही है। आने वाले समय में राज्य के अन्य शहरों को भी स्वच्छता के राष्ट्रीय मानचित्र पर स्थापित करने और नियमित मूल्यांकन के माध्यम से उनकी व्यवस्था बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा