home page

आसनसोल दक्षिण की भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पाल ने डाला वोट,जताई गड़बड़ी की आशंका

 | 
आसनसोल दक्षिण की भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पाल ने डाला वोट,जताई गड़बड़ी की आशंका


आसनसोल, 23 अप्रैल (हि.स.)।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान के बीच आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पाल ने गुरुवार सुबह अपना मतदान किया। उन्होंने भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) परिसर स्थित मतदान केंद्र में वोट डाला।

जानकारी के अनुसार, आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत भारतीय जीवन बीमा निगम परिसर में बूथ संख्या 36, 37, 43 और 44 बनाए गए हैं। इनमें एलआईसी रिक्रिएशन क्लब, एलआईसी कैंटीन और एलआईसी ट्रेनिंग हॉल में मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। अग्निमित्रा पाल ने एलआईसी ट्रेनिंग हॉल स्थित बूथ पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

सुबह करीब 5:45 बजे घर से मतदान के लिए निकलते समय उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मतदान शांतिपूर्ण होने की संभावना है, लेकिन उन्हें आशंका है कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ‘लोड शेडिंग’ कराकर छापामारी वोटिंग कराने की कोशिश कर सकती है।

मतदान करने के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए अग्निमित्रा पाल ने कहा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह के नेतृत्व में इस बार पश्चिम बंगाल में चुनाव काफी शांतिपूर्ण ढंग से कराया जा रहा है। हालांकि, उन्होंने फिर दोहराया कि ‘लोड शेडिंग’ को लेकर उन्हें चिंता है, क्योंकि इसके जरिए कैमरे बंद कर फर्जी मतदान कराने की कोशिश की जा सकती है।

भाजपा उम्मीदवार के इस बयान के बाद चुनावी माहौल में सियासी सरगर्मी और बढ़ गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस आशंका को लेकर क्या कदम उठाता है और मतदान प्रक्रिया कितनी निष्पक्ष व शांतिपूर्ण रहती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा