अग्निमित्रा पाल ने तृणमूल कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा- तोलाबाजी करने वालों को नहीं बख्शेंगे
पश्चिम बर्दवान, 05 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री एवं आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पाल ने बुधवार को आसनसोल दक्षिण में आयोजित हेलमेट वितरण कार्यक्रम के दौरान तृणमूल कांग्रेस पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में किसी भी प्रकार की तोलाबाजी (जबरन उगाही) को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अग्निमित्रा पाल ने कहा कि भाजपा का कोई भी नेता या कार्यकर्ता कानून से ऊपर नहीं है। यदि भाजपा का कोई व्यक्ति भी उगाही या लोगों को धमकाने में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से ऐसी किसी भी घटना की जानकारी प्रशासन या भाजपा नेताओं को देने की अपील की।
उन्होंने तृणमूल नेता कुणाल घोष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी कोई विश्वसनीयता नहीं है। वर्तमान सरकार का पूरा ध्यान विकास कार्यों पर है और वह अनावश्यक राजनीतिक विवादों में समय बर्बाद नहीं करना चाहती।
कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के मुद्दे पर अग्निमित्रा पाल ने आरोप लगाया कि पिछली तृणमूल सरकार ने रोहिंग्या, अवैध घुसपैठियों और आतंकियों को संरक्षण दिया तथा उन्हें पहचान पत्र और मतदाता पहचान पत्र उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ऐसी किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेगी।
ध्वनि प्रदूषण पर उन्होंने कहा कि राज्य में निर्धारित सीमा से अधिक ध्वनि का उपयोग स्वीकार्य नहीं है। उनके अनुसार मंदिर, मस्जिद, चर्च, गुरुद्वारा, सामाजिक कार्यक्रम या रक्तदान शिविर सहित किसी भी स्थान पर निर्धारित सीमा से अधिक ध्वनि नहीं बजाई जानी चाहिए, क्योंकि इससे बुजुर्गों, विद्यार्थियों और अन्य लोगों को परेशानी होती है।
कथित रक्तदान रैकेट के संबंध में उन्होंने कहा कि यदि नाबालिगों से रक्तदान कराकर उन्हें पैसे दिए जाने की बात सही पाई जाती है, तो यह बेहद गंभीर मामला है और इसकी जांच कराई जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान अग्निमित्रा पाल ने महिला दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को रोकने के लिए हेलमेट पहनना और यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। उन्होंने फुटपाथों पर अतिक्रमण को भी सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बताया।
केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए मंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार ने कई केंद्रीय योजनाओं और स्वच्छता संबंधी अभियानों में भाग नहीं लिया तथा बाद में केंद्र सरकार पर आरोप लगाकर लोगों को गुमराह किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा में नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट पेश होने के बाद कई तथ्यों का खुलासा होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

