home page

आसनसोल में जाम की समस्या के स्थायी समाधान की पहल

 | 
आसनसोल में जाम की समस्या के स्थायी समाधान की पहल


पश्चिम बर्दवान, 23 जुलाई (हि. स.)। आसनसोल शहर से बर्नपुर तक वर्षों से चली आ रही भीषण ट्रैफिक जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आसनसोल दक्षिण की विधायक एवं राज्य की शहरी विकास एवं नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने कालीपहाड़ी से बर्नपुर के दामोदर क्षेत्र तक फ्लाईओवर निर्माण की मांग को लेकर राज्य के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री डॉ. अजय पोद्दार को पत्र सौंपा है।

बुधवार को अग्निमित्रा पाल ने डॉ. अजय पोद्दार से मुलाकात कर क्षेत्र में लंबे समय से बनी हुई ट्रैफिक जाम की समस्या से अवगत कराया। उन्होंने जनहित को देखते हुए इस महत्वपूर्ण मार्ग पर जल्द फ्लाईओवर निर्माण की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि कालीपहाड़ी से दामोदर तक का यह मार्ग आसनसोल और बर्नपुर के बीच प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां प्रतिदिन हजारों आम नागरिक, कार्यालय जाने वाले कर्मचारी, छात्र-छात्राएं तथा भारी मालवाहक वाहन आवागमन करते हैं। लगातार बढ़ते यातायात के कारण अधिकांश समय सड़क पर लंबा जाम लगा रहता है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

अग्निमित्रा पाल ने कहा कि यदि इस मार्ग पर फ्लाईओवर का निर्माण होता है तो न केवल ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी, बल्कि लोगों की यात्रा अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि डॉ. अजय पोद्दार इस प्रस्ताव के महत्व को समझते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेंगे।

इस पहल से आसनसोल और बर्नपुर क्षेत्र के लोगों में नई उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों का मानना है कि फ्लाईओवर बनने से वर्षों पुरानी जाम की समस्या काफी हद तक समाप्त होगी और पूरे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार आएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा