आरजी कर कांड : मंत्री अग्निमित्रा पाल ने ममता बनर्जी की गिरफ्तारी की मांग की
कोलकाता, 14 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की नगरपालिका मामलों एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने अगस्त 2024 में कोलकाता के आर. जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में महिला जूनियर डॉक्टर के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या के मामले में कथित बड़ी साजिश को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की गिरफ्तारी की मांग की है।
शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में अग्निमित्रा पाल ने आरोप लगाया कि पीड़िता के शव का जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कराने की साजिश में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधानसभा मुख्य सचेतक निर्मल घोष, पानीहाटी नगरपालिका के तृणमूल कांग्रेस पार्षद सोमनाथ डे और पीड़ित परिवार के पड़ोसी संजीव बनर्जी की भूमिका थी।
उन्होंने कहा कि निर्मल घोष और संजीव बनर्जी को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि सोमनाथ डे फरार हैं। अग्निमित्रा पाल ने सवाल उठाया कि यदि कथित बड़ी साजिश में शामिल होने के आरोप में निर्मल घोष और संजीव बनर्जी को गिरफ्तार किया जा सकता है, तो उसी आधार पर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को गिरफ्तार क्यों नहीं किया जाना चाहिए?
अग्निमित्रा पाल ने नौ अगस्त 2024 की सुबह पीड़िता का शव बरामद होने के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पूरी कार्रवाई को भी संदिग्ध बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी झारखंड से पुलिस को लगातार निर्देश दे रही थीं।
उन्होंने सवाल किया कि शव का पोस्टमार्टम शाम छह बजे के बाद क्यों कराया गया, जबकि आम तौर पर इस तरह का पोस्टमार्टम उस समय नहीं किया जाता। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि पुलिस को शव को सुरक्षित रखने का आदेश क्यों नहीं दिया गया।
अग्निमित्रा पाल ने आरोप लगाया कि पुलिस के माध्यम से पीड़िता के माता-पिता को कथित तौर पर पैसे देने की कोशिश की गई, ताकि वे इस मामले में आवाज न उठाएं। उन्होंने कहा कि यदि निर्मल घोष को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है, तो उन्हीं कारणों के आधार पर पूर्व मुख्यमंत्री को भी गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
इधर, निर्मल घोष को गुरुवार शाम ओडिशा से गिरफ्तार किए जाने के बाद शुक्रवार को पहले बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत खरदह थाने लाया गया। दोपहर में जब उन्हें थाने से बैरकपुर अदालत ले जाया जा रहा था, तब स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। पुलिस ने किसी तरह आक्रोशित भीड़ के बीच से उन्हें बाहर निकाला और पुलिस वैन में बैठाया।
गौरतलब है कि निर्मल घोष उत्तर 24 परगना जिले की पानीहाटी विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक रह चुके हैं। इसी क्षेत्र में पीड़िता का पैतृक घर स्थित है। पानीहाटी विधानसभा क्षेत्र की वर्तमान भाजपा विधायक पीड़िता की मां रत्ना देवनाथ हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

