home page

अग्निमित्र पाल ने महिलाओं को सिंदूर, बिंदी और आलता भेंट देखकर अनोखा प्रचार किया

 | 
अग्निमित्र पाल ने महिलाओं को सिंदूर, बिंदी और आलता भेंट देखकर अनोखा प्रचार किया


आसनसोल, 11 अप्रैल (हि. स.)। आसनसोल में चुनावी माहौल के बीच भाजपा उम्मीदवार ने अपने प्रचार का एक अलग तरीका अपनाकर राजनीतिक चर्चा को तेज कर दिया है। पारंपरिक सभाओं और भाषणों से हटकर उन्होंने महिलाओं के बीच पहुंचकर उन्हें सिंदूर, आलता और बिंदी भेंट की और समर्थन की अपील की।

आम बागान इलाके में हुए इस अभियान के दौरान उन्होंने इसे महिलाओं की पहचान, सम्मान और सुरक्षा से जोड़ते हुए पेश किया। उन्होंने कुछ हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सामाजिक परिस्थितियों में बदलाव के बीच महिलाओं के पारंपरिक प्रतीकों का महत्व और बढ़ जाता है। इसी संदर्भ में उन्होंने बांग्लादेश में हिंदू समुदाय से जुड़ी घटनाओं और मुर्शिदाबाद के शमशेरगंज क्षेत्र की हिंसा का उल्लेख किया।

इस पहल के जरिए उन्होंने महिलाओं से भावनात्मक जुड़ाव बनाने की कोशिश की और इसे सांस्कृतिक पहचान की रक्षा से जोड़ा। साथ ही राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए।

उनके इस प्रचार शैली पर राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया है।

अन्य विपक्षी दलों ने इसे चुनाव में धार्मिक और भावनात्मक मुद्दों को उभारने की रणनीति बताया है। उनका कहना है कि इस तरह के कदम समाज में विभाजन पैदा कर सकते हैं।

वहीं, भाजपा समर्थकों का तर्क है कि यह अभियान महिलाओं के सम्मान और उनसे सीधे संवाद का प्रयास है, जिससे उनकी समस्याओं को समझने का मौका मिलता है।

स्थानीय स्तर पर इस पहल को लेकर मिश्रित प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ महिलाओं ने इसे सराहा, जबकि कुछ ने रोजगार, महंगाई, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे मुद्दों को ज्यादा अहम बताया। फिलहाल, यह प्रचार तरीका आसनसोल की राजनीति में चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है और इसका असर चुनावी नतीजों पर कितना पड़ेगा, यह आने वाला समय ही बताएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा