बर्नपुर में मंत्री अग्निमित्रा पाल का विपक्ष पर हमला, अन्नपूर्णा योजना पर शिकायत करने की अपील
पश्चिम बर्दवान, 30 जुलाई (हि. स.)। जिले के बर्नपुर स्थित नरसिंगबांध बालाजी धाम में गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में राज्य की नगर शामिल हुईं। कार्यक्रम के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में तृणमूल कांग्रेस, अभिषेक बनर्जी, अन्नपूर्णा योजना, भ्रष्टाचार और विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में मजबूत विपक्ष होना आवश्यक है। उनके अनुसार स्वस्थ आलोचना और सशक्त विपक्ष लोकतंत्र को मजबूत बनाते हैं, लेकिन तृणमूल कांग्रेस की वर्तमान स्थिति को देखते हुए उसके प्रभावी विपक्ष की भूमिका निभाने पर सवाल उठता है।
अग्निमित्रा पाल ने अभिषेक बनर्जी के पूर्व निजी सहायक सुमित राय का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके खिलाफ लगे वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने सुमित राय से आत्मसमर्पण करने की अपील करते हुए कहा कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो पुलिस उन्हें खोज निकालेगी।
अभिषेक बनर्जी के विदेश में इलाज कराने पर टिप्पणी करते हुए मंत्री ने कहा कि जब राज्य में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल होने का दावा किया जाता है, तो इलाज के लिए विदेश जाने की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि डायमंड हार्बर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भी बेहतर इलाज उपलब्ध है।
अन्नपूर्णा योजना को लेकर मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य वास्तविक पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाना है। जांच के दौरान बड़ी संख्या में अपात्र लोगों के नाम सामने आने के बाद नियमों में बदलाव किया गया। उन्होंने कहा कि जिन पात्र लोगों को अब तक योजना का लाभ नहीं मिला है, वे लिखित शिकायत करें। मुख्यमंत्री के निर्देश पर उनकी शिकायतों का शीघ्र समाधान किया जाएगा।
बीरभूम में पत्थर कारोबारी टुलू मंडल के रिश्तेदार के घर से नकदी और सोना बरामद होने के मामले पर मंत्री ने आरोप लगाया कि यह संपत्ति अवैध कारोबार और भ्रष्टाचार के जरिए अर्जित की गई है तथा पिछली सरकार ने ऐसे कार्यों को संरक्षण दिया।
मिड-डे मील में अंडे की जगह शाकाहारी भोजन दिए जाने के विवाद पर उन्होंने कहा कि शाकाहारी भोजन भी पौष्टिक हो सकता है। साथ ही जिन विद्यार्थियों की इच्छा अंडा खाने की है, उनके लिए अंडे की व्यवस्था भी जारी रहेगी। बच्चों को पर्याप्त पोषण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

