home page

तिलजला अग्निकांड : फैक्ट्री मालिक समेत दो गिरफ्तार, दो की मौत और तीन घायल

 | 
तिलजला अग्निकांड : फैक्ट्री मालिक समेत दो गिरफ्तार, दो की मौत और तीन घायल


कोलकाता, 13 मई (हि. स.)। महानगर कोलकाता के तिलजला इलाके में हुए भीषण अग्निकांड के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री मालिक जाफर निशाद और मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी बुधवार सुबह उस समय की गई जब जांच रिपोर्ट पेश होने से पहले ही प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है।

मंगलवार दोपहर तपसिया के 50/1 जीजे खान रोड स्थित एक बहुमंजिला इमारत में आग लग गई थी। जानकारी के मुताबिक, टालिखोला मस्जिद के पास स्थित इस इमारत के भीतर चल रहे चमड़े के कारखाने में अचानक आग भड़क उठी, जिससे पूरा इलाका धुएं से भर गया। आग लगते ही फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारी घबरा गए और कई लोग जान बचाने के लिए बाथरूम में छिप गए। बाद में राहत और बचाव दल ने उन्हें बाहर निकाला। गंभीर रूप से झुलसे दो लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है और उन्हें वेंटिलेशन पर रखा गया है।

घटना के बाद प्रशासन हरकत में आया और मुख्यमंत्री के निर्देश पर जांच कमेटी का गठन किया गया। मंगलवार रात करीब नौ बजे ही इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई थी। पुलिस अब आग लगने के कारणों और सुरक्षा मानकों में लापरवाही की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा