home page

आसनसोल गर्ल्स कॉलेज में ‘आगमनी’ कार्यक्रम आयोजित

 | 
आसनसोल गर्ल्स कॉलेज में ‘आगमनी’ कार्यक्रम आयोजित


आसनसोल, 09 अक्टूबर (हि. स.)। दुर्गापूजा के आगमन के अवसर पर शुक्रवार को आसनसोल गर्ल्स कॉलेज की पहल पर ‘आगमनी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बंगाल की पारंपरिक संस्कृति की झलक देखने को मिली। धुनुची नृत्य प्रतियोगिता और दक्षिण भारत की प्राचीन युद्धकला कलरिपयट्टू का प्रदर्शन कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे।

इस अवसर पर आसनसोल गर्ल्स कॉलेज की प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं आसनसोल उत्तर के भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी तथा कॉलेज की प्राचार्या डॉ. स्वाति नंदी चक्रवर्ती उपस्थित थीं। विधायक ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने महिलाओं की आत्मरक्षा और सशक्तीकरण के लिए इस तरह की पहल को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि स्कूल और कॉलेज स्तर से ही ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा देने से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और उनका आत्मबल मजबूत होता है।

उन्होंने मां दुर्गा के आगमन पर कामना की, सभी बुरी शक्तियों का नाश हो तथा समाज में शांति, सद्भाव और समृद्धि स्थापित हो। साथ ही बंगाल के प्रत्येक घर में खुशियों का उजाला फैले और लोगों के जीवन में नई आशाओं एवं संभावनाओं का संचार हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा