कोलकाता के मार्कुइस स्ट्रीट के छह गेस्ट हाउस सील
कोलकाता, 22 अगस्त (हि. स.)। कोलकाता के मार्कुइस स्ट्रीट में शनिवार को राज्य की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कई गेस्ट हाउस का दौरा कर वहां अग्निशमन व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा नियमों में गंभीर लापरवाही सामने आने पर छह गेस्ट हाउस को बंद कर सील कर दिया गया।
मंत्री अग्निमित्रा पाल ने बताया कि इन गेस्ट हाउसों ने अग्नि सुरक्षा लाइसेंस के लिए आवेदन तक नहीं किया था। कार्रवाई के तहत इन सभी गेस्ट हाउसों की बिजली आपूर्ति भी काट दी गई है। प्रत्येक गेस्ट हाउस में करीब छह से सात कमरे थे और कई कमरों में उस समय मेहमान भी ठहरे हुए थे।
निरीक्षण के दौरान अग्निमित्रा पाल ने नाराजगी जताते हुए कहा कि गेस्ट हाउसों में मेहमान ठहरे हुए हैं, लेकिन उनके पास अग्नि सुरक्षा लाइसेंस नहीं है। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों की ओर से लाइसेंस के लिए आवेदन भी नहीं किया गया था, इसलिए नियमों के तहत इन गेस्ट हाउसों को सील किया गया है।
इससे पहले शुक्रवार को नगर निगम और दमकल विभाग की संयुक्त टीम ने न्यू मार्केट इलाके में अभियान चलाकर 11 होटल बंद किए थे। शनिवार को भी कार्रवाई जारी रही और छह और गेस्ट हाउस को सील किया गया।
गौरतलब है कि मंगलवार देर रात न्यू मार्केट इलाके के होटल ‘शिखा-इन’ में भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में नौ लोगों की मौत हुई थी, जिनमें सात बांग्लादेशी नागरिक बताए गए हैं। घटना के बाद प्रशासन ने शहर के होटलों और गेस्ट हाउसों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच तेज कर दी है।
इस बीच, कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित होटल में आग लगने की घटना में मृत पांच लोगों के शव पेट्रापोल सीमा के रास्ते बांग्लादेश भेजे जा रहे हैं।
होटल अग्निकांड के मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे होटल मालिक बीरेश्वर मित्रा अभी भी लापता हैं। प्रशासन की ओर से अग्नि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले होटल और गेस्ट हाउसों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

