home page

नोटिस नहीं, गड़बड़ी मिलते ही होटल सील होंगे: मंत्री अग्निमित्रा पाल

 | 

कोलकाता , 22 अगस्त (हि.स.)। नोटिस देने से कोई फायदा नहीं होता। यह बात प्रभावी रूप से स्वीकार करते हुए पुर एवं नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने अब होटल में अनियमितता मिलने पर सीधे उसे सील करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि अब बार-बार नोटिस जारी नहीं किया जाएगा। यदि होटल में नियमों का उल्लंघन पाया गया तो उसे सील कर दिया जाएगा।

कुछ दिन पहले कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में आग लगने की घटना में नौ लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद शहर में अवैध रूप से चल रहे होटलों को लेकर कई सवाल उठने लगे। घटना के बाद धर्मतला इलाके में दमकल विभाग ने 16 होटलों को सील किया था और 25 अन्य होटलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।

शनिवार को मंत्री अग्निमित्रा पाल ने मार्क्विस स्ट्रीट इलाके के कई होटलों का निरीक्षण किया। इसी दौरान उन्होंने कहा कि केवल नोटिस जारी करने से कोई काम नहीं होगा। यदि होटल में मेहमान ठहरे हैं तो उन्हें 24 घंटे का समय दिया जाए, इसके बाद नियमों का उल्लंघन मिलने पर होटल को सील कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि यदि बाद में सभी कागजात सही पाए जाते हैं तो होटल को दोबारा खोलने की अनुमति दी जा सकती है।

अग्निमित्रा पाल ने सवाल उठाया कि इतने लंबे समय से अवैध तरीके से होटल का कारोबार आखिर कैसे चलता रहा। उन्होंने इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और पूर्व नगर विकास मंत्री फिरहाद हकीम से जवाब मांगा। मंत्री ने सवाल किया कि फिरहाद हकीम की अनुमति से इस तरह की गतिविधियां कैसे चलती रहीं।

उन्होंने आरोप लगाया कि पहले नेताओं के घरों तक घूस पहुंचाकर अनियमितताओं को नियमित कर दिया जाता था। हालांकि, अब पैसे के जरिए अनियमितता को नियम में बदलने की व्यवस्था नहीं चलेगी।

अग्निमित्रा पाल ने स्पष्ट कहा कि होटल में गड़बड़ी मिलने पर पहले की तरह केवल नोटिस जारी करने के बजाय कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर सीधे होटल को सील कर दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा