home page

आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज बना स्ट्रांग रूम, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

 | 
आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज बना स्ट्रांग रूम, सुरक्षा के कड़े इंतजाम


आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज बना स्ट्रांग रूम, सुरक्षा के कड़े इंतजाम


आसनसोल, 24 अप्रैल (हि. स.)। बंगाल में पहले चरण के मतदान के बाद पश्चिम बर्दवान जिले के नौ विधानसभा क्षेत्रों में से छह विधानसभा केंद्रों— आसनसोल उत्तर व दक्षिण, कुल्टी, बाराबनी, जमुड़िया और रानीगंज की इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) को सुरक्षित रखने के लिए आसनसोल के जुबली मोड़ स्थित आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज को स्ट्रांग रूम बनाया गया है। गुरुवार को मतदान के बाद विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से ईवीएम यहां लाकर कड़ी सुरक्षा के बीच जमा की गईं।

शुक्रवार को पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी एस. पोन्नबलम ने आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज पहुंचकर स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मतदान कर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सभी इवीएम को नियमों के तहत सील कर स्ट्रांग रूम में रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन के अधिकारी प्रतिदिन यहां आकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे और मतगणना के दिन विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि केंद्रीय सुरक्षा बल का एक प्लाटून भी यहां पहुंच चुका है और स्ट्रांग रूम की निगरानी लगातार की जा रही है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि कोई मतदान कर्मी अपनी ड्यूटी में लापरवाही करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इधर, स्ट्रांग रूम को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। आसनसोल दक्षिण से भाजपा प्रत्याशी अग्निमित्रा पाल ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने पिछले 15 वर्षों में चोरी और भ्रष्टाचार की राजनीति की है, इसलिए उन्हें लगता है कि हर पार्टी उसी तरह काम करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के समर्थन से चुनाव जीतती है और उन्हें पूरा भरोसा है कि राज्य में अगली सरकार भाजपा की बनेगी।

तृणमूल द्वारा स्ट्रांग रूम के बाहर पहरेदारी करने की बात पर उन्होंने कहा कि अगर तृणमूल को गड़बड़ी की आशंका है तो वे पहरा दें, लेकिन भाजपा भी पूरी सतर्कता से निगरानी रखेगी क्योंकि भाजपा कार्यकर्ता जानते हैं कि तृणमूल किस तरह चुनाव में गड़बड़ी करती रही है। अग्निमित्रा पाल ने पहले चरण के मतदान के दौरान चुनाव आयोग और केंद्रीय सुरक्षा बलों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय बाद पश्चिम बंगाल में लोग बिना डर के मतदान कर पाए।

कांग्रेस प्रत्याशी प्रसनजीत पुईतुंडी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल और भाजपा यह साबित करने में लगी हैं कि इनके अलावा कोई और राजनीतिक शक्ति नहीं है, जबकि ऐसा नहीं है। उन्होंने कहा कि इवीएम बदलने की आशंका को पूरी तरह खारिज नहीं किया जा सकता क्योंकि देश के विभिन्न राज्यों में इस तरह की घटनाओं के आरोप पहले भी लगते रहे हैं। उन्होंने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा और मजबूत करने की मांग करते हुए कहा कि इतनी मेहनत से चुनाव कराया गया है, इसलिए कुछ दिन और मेहनत कर सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो।

दूसरी ओर, पश्चिम बर्धमान जिला तृणमूल युवा कांग्रेस के अध्यक्ष पार्थ देवासी ने कहा कि चार मई को पश्चिम बंगाल के साथ-साथ पश्चिम बर्दवान जिले में भी “हरित तूफान” आएगा और जिले की नौ विधानसभा सीटों पर तृणमूल कांग्रेस जीत दर्ज करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को भाजपा से ज्यादा चुनाव आयोग के खिलाफ लड़ना पड़ा।

पार्थ देवासी ने कहा कि चुनाव आयोग ने भाजपा के इशारे पर काम करते हुए पश्चिम बंगाल की जनता को परेशान किया है, जिसका जवाब जनता पहले चरण में और 29 अप्रैल को होने वाले अगले चरण के मतदान में देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा