खड़गपुर मंडल के एडीआरएम ने किया स्टेशन निरीक्षण
खड़गपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय रेल के खड़गपुर मंडल में यात्री सुविधाओं और बुनियादी ढांचे की स्थिति की समीक्षा के लिए गुरुवार को अतिरिक्त मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रास्ट्रक्चर) देबजीत दास ने जलेश्वर रेलवे स्टेशन और बालेश्वर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया।
गुरुवार शाम जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था और सेवा मानकों का जायजा लिया। जलेश्वर रेलवे स्टेशन पर निरीक्षण के दौरान एडीआरएम (इंफ्रा) ने यात्री सुविधाओं की समीक्षा की, रेलवे क्वार्टर और कॉलोनी का निरीक्षण किया तथा अमृत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का आकलन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए परियोजनाओं को समय पर पूरा किया जाए ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इसके बाद बालेश्वर रेलवे स्टेशन पर उन्होंने यूटिलिटी भवन के स्थानांतरण कार्य, अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे पुनर्विकास कार्यों और अन्य यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन और यात्रियों को कम से कम असुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एडीआरएम ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बातचीत कर स्टेशनों पर बुनियादी ढांचे, स्वच्छता, सुरक्षा और यात्री सेवाओं के उच्च मानकों को बनाए रखने पर जोर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

