home page

पीएम की प्रस्तावित सभा को लेकर कमिश्नरेट ने यातायात प्रबंधन को लेकर निर्देश जारी किया

 | 
पीएम की प्रस्तावित सभा को लेकर कमिश्नरेट ने यातायात प्रबंधन को लेकर निर्देश जारी किया


आसनसोल, 09 अप्रैल (हि. स.)। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर व्यापक ट्रैफिक नियंत्रण और डायवर्जन का आदेश जारी किया है। यह आदेश गुरुवार को सुरक्षा, सुगम यातायात और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लागू किया जाएगा।

पुलिस आयुक्त डॉ. प्रवीण कुमार ने मोटर वाहन अधिनियम 1988 और पश्चिम बंगाल ट्रैफिक रेगुलेशन एक्ट 1965 के तहत अपने अधिकारों का उपयोग करते हुए यह निर्देश जारी किया है। आदेश के मुताबिक सुबह नौ बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक विभिन्न प्रमुख सड़कों पर वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू रहेगा।

किन-किन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध

आसनसोल शहर के कई अहम मार्गों पर बड़े और छोटे वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। इनमें काली पहाड़ी मोड़ (ओल्ड जीटी रोड), बीएनआर मोड़, घड़ी मोड़, विद्यासागर प्रतिमा, पोलो ग्राउंड, जुबिली मोड़, कोर्ट रोड, बर्नपुर रोड, गैलेक्सी मॉल मोड़, हाउसिंग मोड़, गर्ल्स कॉलेज रोड, राधानगर, ध्रुवडांगा रेलवे क्रॉसिंग और योगी बाबा लोकल ग्राउंड जैसे इलाके शामिल हैं।

इन मार्गों पर विशेष रूप से भारी वाहनों (ट्रक, बस आदि) के प्रवेश पर रोक रहेगी, जबकि कुछ स्थानों पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही सीमित या पूरी तरह बंद की जाएगी।

डायवर्जन की व्यवस्था

यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए कई स्थानों पर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ा जाएगा।

आसनसोल बस स्टैंड की ओर आने वाली बसों को जरूरत पड़ने पर काली पहाड़ी मोड़ की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

बीएनआर मोड़, भगत सिंह मोड़, गिरजा मोड़ और त्रिवेणी मोड़ जैसे प्रमुख जंक्शनों से वाहनों को अन्य मार्गों की ओर भेजा जाएगा।

मिनी बसों और बड़े वाहनों के लिए अलग-अलग डायवर्जन प्लान लागू रहेगा।

ऑटो और छोटे वाहनों के लिए भी जरूरत के अनुसार वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं।

किन्हें मिलेगी छूट

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को छूट दी जाएगी। इनमें एलपीजी, सीएनजी, पेट्रोलियम पदार्थ, ऑक्सीजन, दवाइयां, दूध, सब्जियां, फल आदि ढोने वाले वाहन शामिल हैं। इसके अलावा स्कूल बसों और पूल कारों को भी प्रतिबंध से राहत दी गई है।

पुलिस की अपील

पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक नियमों का पालन करें और अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों का उपयोग न करें। सभी थाना प्रभारियों को आदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रधानमंत्री की सभा को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा