आसनसोल–दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने अवैध पार्किंग के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान
बर्दवान, 25 मई (हि. स.)। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) ध्रुवदास के नेतृत्व में सोमवार को हाट्टन रोड से लेकर गिरजा मोड़ तक अवैध पार्किंग के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न पार्किंग स्थलों के लाइसेंस और दस्तावेजों की जांच की गई। पुलिस ने अवैध रूप से पार्किंग संचालन करने के आरोप में चार से पांच लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
अभियान के दौरान एसीपी (सेंट्रल) अब्दुल गफ्फार, आसनसोल दक्षिण थाना प्रभारी विश्वजीत मुखर्जी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे। गिरजा मोड़ से लेकर हाट्टन रोड तक कई स्थानों पर जांच की गई। गिरजा मोड़ स्थित दुर्गा मार्केट में एक पार्किंग संचालक को आवश्यक कागजात नहीं होने के कारण हिरासत में लिया गया। वहीं, उसके सामने स्थित 38 नंबर पार्किंग के दस्तावेजों की भी जांच की गई। इसके अलावा, सिटी बस स्टैंड के बाहर स्थित पार्किंग संचालक के एक एजेंट को भी पकड़ा गया।
बीएसएनएल कार्यालय के सामने संचालित एक अन्य पार्किंग के संचालक को भी दस्तावेज नहीं होने के कारण हिरासत में लिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस क्षेत्र में कई पार्किंग संचालकों के लाइसेंस की अवधि समाप्त हो चुकी है, फिर भी वे अवैध रूप से संचालन कर रहे थे। कुछ को पहले ही चेतावनी दी गई थी कि वे अपने दस्तावेजों का नवीनीकरण करा लें, लेकिन जांच में जिनके कागजात नवीनीकृत नहीं पाए गए, उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।
फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बिना वैध दस्तावेज के पार्किंग संचालित करने वाले एजेंट किसके निर्देश पर काम कर रहे थे और उनसे वसूला गया पैसा कहां जाता था।
उल्लेखनीय है कि राज्य में प्रशासन अवैध अतिक्रमण और पार्किंग व्यवस्था को लेकर लगातार सक्रिय है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

