पांडवेश्वर में मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में तीन गिरफ्तार
आसनसोल, 25 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बर्दवान जिलान्तर्गत पांडवेश्वर थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने दो अलग-अलग इलाकों में अभियान चलाकर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपितों के पास से प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद हुए हैं। बुधवार को तीनों आरोपितों को आसनसोल जिला न्यायालय में पेश कर पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत की मांग की।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पहली कार्रवाई निमचा इलाके में की गई, जहां से शेख राही और इंद्रजीत पासवान को गिरफ्तार किया गया। वहीं, दूसरी कार्रवाई खोट्टाडीही इलाके में हुई, जहां पुलिस ने रोहित मंडल को पकड़ा।
पुलिस का दावा है कि तलाशी के दौरान तीनों आरोपितों के पास से प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। हालांकि, बरामद मादक पदार्थ की मात्रा और उसकी सटीक प्रकृति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस दोनों मामलों में आरोपितों को गिरफ्तार करने के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ के जरिए मादक पदार्थों की आपूर्ति के स्रोत, संभावित खरीदारों और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश करेगी।
पांडवेश्वर में हुई इस कार्रवाई के बीच पश्चिम बर्दवान और बीरभूम जिले की सीमा से सटे इलाकों में मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर चिंता भी बढ़ रही है। हाल ही में दुर्गापुर पूर्व के विधायक चंद्रशेखर बनर्जी ने सार्वजनिक मंच से आरोप लगाया था कि बीरभूम की ओर से ब्राउन शुगर दुर्गापुर पहुंचाई जा रही है और इसकी पहुंच कॉलेज के विद्यार्थियों तक भी हो रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

