53 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, सात दिनों की पुलिस रिमांड
पश्चिम बर्दवान, 11 अगस्त (हि. स.)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्तालय को बड़ी सफलता मिली है। कोकओवन थाने की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 53 किलो गांजा के साथ तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों को मंगलवार को आसनसोल की अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने मामले की जांच के लिए तीनों को सात दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। आरोपितों के नाम नरहरि विशाल (46), उपेंद्र प्रधान (38) और चंद्रकांत नायक (32) है। तीनों ओडिशावासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपित ओडिशा से बस के जरिए गांजे की बड़ी खेप लेकर दुर्गापुर पहुंचे थे। पुलिस को पहले से इसकी सूचना मिली थी। कोकओवन थाना प्रभारी अंजन मंडल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना शुरू किया। इसी दौरान दुर्गापुर बैराज के आसपास तीन युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोककर पूछताछ की और तलाशी ली। उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। जांच के बाद बरामद गांजे का कुल वजन करीब 53 किलोग्राम पाया गया। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि ओडिशा से लाई गई गांजे की इस खेप को दुर्गापुर और आसपास के इलाकों में खपाने की तैयारी थी। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि गांजा ओडिशा के किस इलाके से लाया गया था और दुर्गापुर में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि गिरफ्तार आरोपित इससे पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल रहे हैं या नहीं।
पुलिस के अनुसार, आरोपित बस के माध्यम से ओडिशा से दुर्गापुर पहुंचे थे। बैराज इलाके में उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने के बाद पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली। इसी दौरान गांजे की बड़ी खेप बरामद हुई।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में गांजा और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

