होटल व्यवसायियों के साथ पुलिस की बैठक, बच्चों की सुरक्षा को लेकर सजग रहने की अपील
पश्चिम बर्दवान, 26 जुलाई (हि.स.)।
आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार के नेतृत्व में दुर्गापुर में होटल, लॉज, गेस्ट हाउस और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ शनिवार की शाम एक विशेष जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। बैठक का उद्देश्य पॉक्सो अधिनियम, 2012 के प्रावधानों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा बच्चों को यौन शोषण, उत्पीड़न और मानव तस्करी से बचाने में होटल एवं आतिथ्य क्षेत्र की भूमिका को मजबूत करना था।
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने होटल संचालकों और प्रबंधकों से बच्चों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील रहने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या परिस्थिति पर तुरंत नजर रखते हुए पुलिस को बिना देरी सूचना देना सभी की जिम्मेदारी है।
पुलिस ने होटल एवं लॉज संचालकों को सभी मेहमानों के पहचान पत्र (आईडी प्रूफ) और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सही तरीके से रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों से जुड़े किसी भी संदिग्ध मामले की पहचान कर तत्काल पुलिस को सूचित करने पर विशेष जोर दिया गया।
कमिश्नरेट ने सभी होटल और गेस्ट हाउस प्रबंधकों से जिम्मेदार कार्यप्रणाली अपनाने तथा समय पर सूचना देकर बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण बनाने में पुलिस के सहयोगी बनने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

