आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट में 16 एसआई और पीएसआई का तबादला
पश्चिम बर्दवान, 03 जुलाई (हि. स.)। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (एडीपीसी) में पुलिस अधिकारियों के तबादले का आदेश जारी किया गया है। जारी आदेश के तहत कुल 16 सब-इंस्पेक्टर (एसआई) और प्रोबेशनरी सब-इंस्पेक्टर (पीएसआई) का स्थानांतरण किया गया है। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए पदों पर कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है।
तबादला आदेश के अनुसार, एसआई संजीव डे को दुर्गापुर थाना के प्रभारी (ओसी) पद से डीडी नारकोटिक्स सेक्शन का ओसी बनाया गया है। वहीं, एसआई मानव घोष को आसनसोल दक्षिण पुलिस पिकेट (पीपी) के प्रभारी पद से दुर्गापुर थाना का नया ओसी नियुक्त किया गया है।
एसआई अमर नाथ दास को डीडी, एडीपीसी से रानीगंज थाना भेजा गया है। एसआई उज्ज्वल कुमार साहा को जहांगीर मोहल्ला पुलिस चौकी के प्रभारी पद से कुल्टी थाना स्थानांतरित किया गया है। एसआई रामजुर रहमान को ए-जोन पुलिस चौकी के प्रभारी पद से डीडी, एडीपीसी भेजा गया है, जबकि एसआई उत्पल घोषाल को आसनसोल उत्तर थाना से नियामतपुर पुलिस चौकी का प्रभारी बनाया गया है।
इसके अलावा एसआई शीर्षेंदु दास को बनबहाल फाड़ी से आसनसोल दक्षिण पीपी का प्रभारी, एसआई सुदीप्त विश्वास को सिटी सेंटर पुलिस चौकी से जहांगीर मोहल्ला पुलिस चौकी का प्रभारी तथा एसआई प्रीतम पाल को उखड़ा पुलिस चौकी से अंडाल थाना का ओसी नियुक्त किया गया है।
एसआई तन्मय डे को आसनसोल उत्तर थाना से उखड़ा पुलिस चौकी का प्रभारी बनाया गया है। एसआई गोपाल पात्र को अंडाल थाना के ओसी पद से सिटी सेंटर पुलिस चौकी का प्रभारी बनाया गया है। एसआई रिंटू महतो को कोकओवन थाना से बनबहाल पुलिस चौकी तथा एसआई रवींद्र कुमार झा को कुल्टी थाना से ए-जोन पुलिस चौकी का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
वहीं, एसआई मिहिर कुमार डे को नियामतपुर पुलिस चौकी से आसनसोल उत्तर थाना भेजा गया है। पीएसआई विक्रम डे को डीडी, एडीपीसी से आसनसोल उत्तर थाना तथा पीएसआई सुरजीत कुंडू को डीडी, एडीपीसी से कोक ओवन थाना स्थानांतरित किया गया है।
पुलिस कमिश्नरेट के इस प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य विभिन्न थानों और शाखाओं में कार्य व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा सुचारु बनाना माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

