मेदिनीपुर में गैस आपूर्ति को लेकर बैठक, कालाबाजारी पर पुलिस की नजर
मेदिनीपुर, 15 मार्च (हि. स.)। राज्यभर में एलपीजी सिलेंडर की पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने से संकट की स्थिति बन गई है। इस हालात से निपटने और जिले के महत्वपूर्ण संस्थानों में गैस की आपूर्ति सामान्य रखने के लिए मेदिनीपुर के जिलाधिकारी विजिन कृष्णा ने विशेष बैठक की। शनिवार देर शाम को जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित इस बैठक में पुलिस अधीक्षक पलाशचंद्र ढाली तथा विभिन्न गैस कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
बैठक में गैस की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी विजिन कृष्णा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने नवान्न में ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के साथ बैठक कर जिला स्तर पर समिति बनाने का निर्देश दिया था। उसी निर्देश के तहत यह कदम उठाया गया है।
इसके अलावा गैस कंपनियों और डीलरों को सख्त निर्देश दिया गया है कि आंगनवाड़ी केंद्रों, शैक्षणिक संस्थानों के छात्रावास, स्कूलों और अस्पतालों को प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जाए। साथ ही घरेलू उपभोक्ताओं के लिए भी गैस आपूर्ति प्रभावित न हो, इस पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
जिले की गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि फरवरी महीने में जिस स्तर पर गैस आपूर्ति की गई थी, उसे बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि एक साथ बड़ी संख्या में ग्राहकों द्वारा बुकिंग करने से पोर्टल में तकनीकी समस्याएं आ रही हैं।
इसी कारण जिलाधिकारी ने आम लोगों से अपील की है कि आवश्यकता से अधिक गैस की बुकिंग न करें।
दूसरी ओर, गैस संकट का फायदा उठाकर कोई कालाबाजारी न कर सके, इसके लिए प्रशासन सख्त निगरानी रख रहा है।
पुलिस अधीक्षक पलाश चंद्र ढाली ने बताया कि सभी थाना प्रभारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। साथ ही जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाह न फैलाने की भी अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

