home page

बांध पर बने तृणमूल के पार्टी कार्यालय को प्रशासन ने तोड़ा

 | 
बांध पर बने तृणमूल के पार्टी कार्यालय को प्रशासन ने तोड़ा


सिलीगुड़ी, 09 जुलाई (हि. स.)। सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड संख्या 47 अंतर्गत पंचानन नदी के बांध पर अवैध रूप से बने तृणमूल के पार्टी कार्यालय को गुरूवार को प्रशासन ने बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। नगर निगम के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया।

नगर निगम सूत्रों के अनुसार, उक्त निर्माण बिना किसी वैध अनुमति के नदी के बांध पर किया गया था, जिसे लेकर लंबे समय से आपत्ति जताई जा रही थी। निर्धारित प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद गुरुवार को अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया। बुलडोजर की मदद से कुछ ही समय में पूरे ढांचे को गिरा दिया गया। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए मौके पर प्रधान नगर थाने की भारी संख्या में पुलिस बल तैनात की गई थी। इस कार्रवाई के दौरान नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

स्थानीय लोगों का मानना है कि नदी के बांध पर किसी भी तरह का अवैध निर्माण भविष्य में जल निकासी व्यवस्था और बांध की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है। इसी कारण कई लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का समर्थन किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार