जिला प्रशासन ने की चुनाव के बाद शांति बनाए रखने की अपील - एस पोन्नमबलम
कोलकाता, 06 मई (हि. स.)। जिले में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए चुनाव के बाद अब प्रशासन की प्राथमिकता पोस्ट पोल अवधि को भी पूरी तरह शांत बनाए रखना है। पश्चिम बर्दवान जिला मुख्यालय में बुधवार को प्रशासनिक बैठक के दौरान जिलाधिकारी एस. पोन्नमबलम ने यह बात कही।
पश्चिम बर्दवान जिलाधिकारी एस. पोन्नमबलम ने साफ शब्दों में कहा कि चुनाव जिस तरह शांति और अनुशासन के साथ संपन्न हुआ, उसी तरह आगे भी माहौल बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने बताया कि सरकार और निर्वाचन आयोग के स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी प्रकार की हिंसा को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सभी प्रशासनिक अधिकारी, जिला फोर्स कोऑर्डिनेटर और ग्राउंड लेवल की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। समाज के सभी वर्गों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या उकसावे में न आएं और शांति बनाए रखें। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के दौरान जिस जिम्मेदारी और संयम का परिचय लोगों ने दिया, वही सहयोग चुनाव के बाद भी अपेक्षित है।
पुलिस आयुक्त डॉ. प्रवण कुमार ने भी कड़ा संदेश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की तोड़फोड़, उपद्रव या अव्यवस्था को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि पिछले दो दिनों में 200 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है और आगे भी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और हर सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस आयुक्त डॉ प्रणव कुमार ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए संयुक्त कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां सीआरपीएफ के प्रतिनिधि भी तैनात हैं। जिला फोर्स कोऑर्डिनेटर सुनील कुमार सिंह और जॉइंट कोऑर्डिनेटर खुद पूरे सिस्टम की निगरानी कर रहे हैं। किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत के लिए नागरिक 100 और 112 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं या नजदीकी थाने में सूचना दे सकते हैं।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी राजनीतिक, प्रशासनिक या धार्मिक स्थल के स्वरूप में बदलाव करने की अनुमति नहीं होगी। ऐसी किसी भी कोशिश पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी। जहां-जहां से सूचना मिल रही है, वहां तुरंत पुलिस बल भेजकर स्थिति को नियंत्रित किया जा रहा है।
डिस्ट्रिक्ट फोर्स ऑफिसर (कोऑर्डिनेटर) सुशील कुमार सिंह ने कहा कि जिस तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न हुआ है, उसी तरह सभी को मिलकर शांति और व्यवस्था बनाए रखनी होगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों से दूर रहें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
प्रशासन ने एक बार फिर सभी नागरिकों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें, कानून का पालन करें और जिले में अमन-चैन कायम रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

