हाईवे और बस रूट पर टोटो परिचालन पर सख्ती की मांग, नियम लागू नहीं होने से बढ़ रही परेशानी
आसनसोल, 15 सितंबर (हि. स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग, स्टेट हाईवे और बस सेवा वाले निर्धारित मार्गों पर टोटो के परिचालन को लेकर मिनी बस एवं पैसेंजर कैरियर संगठनों ने प्रशासन से सरकार के निर्देशों को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की है। मंगलवार को आसनसोल में जिलाधिकारी और डीसीपी ट्रैफिक के साथ हुई बैठक में टोटो परिचालन से जुड़ी समस्याओं और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में प्रशासन की ओर से नियमों के अनुपालन को लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू करने का आश्वासन दिया गया।
आसनसोल मिनी बस एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी सुदीप राय ने कहा कि एसोसिएशन टोटो को पूरी तरह बंद करने की मांग नहीं कर रही है। उनकी मांग है कि सरकार की नीति के अनुसार टोटो का इस्तेमाल अंतिम छोर तक यात्री सुविधा पहुंचाने के लिए निर्धारित क्षेत्रों में किया जाए। राष्ट्रीय राजमार्ग, स्टेट हाईवे तथा जिन मार्गों पर बस सेवा संचालित होती है, उन रूटों पर टोटो का परिचालन नहीं होना चाहिए।
सुदीप राय ने कहा कि टोटो परिचालन को लेकर पिछले 15 से 20 वर्षों से समस्या बनी हुई है। इस संबंध में शासन स्तर पर हुई बैठकों के करीब 38 प्रस्ताव उनके पास मौजूद हैं, जिनमें राष्ट्रीय राजमार्ग, स्टेट हाईवे और बस रूट पर टोटो के परिचालन को लेकर स्पष्ट निर्णय का उल्लेख है। इसके बावजूद इन निर्देशों को जमीनी स्तर पर प्रभावी तरीके से लागू नहीं किया जा सका।
उन्होंने बताया कि टोटो चालकों के साथ विवाद और मारपीट की घटनाओं के बाद कुछ समय के लिए टोटो परिचालन बंद किया गया था। बाद में स्थानीय विधायक के साथ बैठक में आम यात्रियों की सुविधा और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सेवा जारी रखने पर सहमति बनी। इसके बाद परिवहन मंत्री के साथ हुई बातचीत में भी राष्ट्रीय राजमार्ग, स्टेट हाईवे और बस रूट पर टोटो परिचालन नहीं होने की बात स्पष्ट की गई थी।
सुदीप राय के अनुसार, सात अगस्त 2026 को सरकार की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया, जिसकी प्रतियां राज्य के विभिन्न जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस कमिश्नर और पुलिस अधीक्षकों को भेजी गईं। संबंधित संगठनों को भी आदेश की प्रतियां उपलब्ध कराई गईं। इसके बाद से एसोसिएशन लगातार प्रशासन से इस निर्णय को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग कर रही है।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को आसनसोल में जिलाधिकारी और डीसीपी ट्रैफिक के साथ बैठक हुई। बैठक में प्रशासन की ओर से बताया गया कि टोटो परिचालन को लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की जाएगी।
सुदीप राय ने कहा कि मंगलवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ कार्रवाई देखने को मिली, लेकिन हजारों टोटो के बीच केवल तीन-चार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। उन्होंने व्यापक स्तर पर नियमों को लागू करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि नई सरकार के गठन के बाद पिछले तीन महीनों के भीतर इस मुद्दे पर निर्णय लिया गया है और अब प्रशासन ने उस निर्णय को लागू करने का भरोसा दिया है। इसलिए एसोसिएशन को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में राष्ट्रीय राजमार्ग और स्टेट हाईवे पर टोटो परिचालन को लेकर नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मिनी बस एसोसिएशन टोटो को पूरी तरह हटाने के पक्ष में नहीं है। उन्होंने कहा कि जहां मिनी बस या बस सेवा उपलब्ध नहीं है, वहां अंतिम छोर तक यात्रियों को कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए टोटो का परिचालन किया जा सकता है। टोटो अपने निर्धारित क्षेत्र में और बस अपने निर्धारित रूट पर चले, तो दोनों परिवहन माध्यमों के बीच टकराव की स्थिति कम होगी और आम यात्रियों को भी बेहतर सुविधा मिलेगी।
बैठक में डीसी ट्रैफिक अविनाश जादवार, एडीए मिठुन विश्वास, आसनसोल मिनी बस एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी सुदीप राय, ज्वाइंट सेक्रेटरी संदीप घटक, सदस्य प्रदूत मजूमदार, दुर्गापुर मिनी बस ओनर्स एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी दीपेंद्र बनर्जी, दुर्गापुर पैसेंजर कैरियर एसोसिएशन के ज्वाइंट सेक्रेटरी सजल दास, अंडाल मिनी बस ओनर्स एसोसिएशन के टुकु चटर्जी तथा अन्य प्रतिनिधि मौजूद थे। बैठक में विधायक प्रतिनिधि दीपक गुप्ता भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

