आदिवासी युवाओं की विभिन्न मांगों को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने सेल-आइएसपी के अधिकारियों से की मुलाकात
पश्चिम बर्दवान, 12 सितंबर (हि. स.)। बर्नपुर के स्थानीय आदिवासी बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने, भूमि विस्थापितों को उचित अवसर उपलब्ध कराने तथा औद्योगिक प्रदूषण से प्रभावित लोगों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर आदिवासी स्टूडेंट एंड यूथ फोरम, आसनसोल-दुर्गापुर के पदाधिकारियों ने शनिवार को सेल-आइएसपी बर्नपुर के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (ह्यूमन रिसोर्सेज) से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों के समक्ष सौंपे गए ज्ञापन में सेल-आइएसपी के आधुनिकीकरण के दूसरे चरण में स्थानीय आदिवासी युवाओं को आउटसोर्सिंग सहित विभिन्न रोजगार के अवसरों में प्राथमिकता देने की मांग रखी। इसके अलावा वर्ष 2006 के प्रथम चरण के आधुनिकीकरण के दौरान जमीन गंवाने वाले आदिवासी परिवारों को पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (आर एंड आर) के तहत रोजगार देने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने प्लांट से जुड़े वायु, जल, ध्वनि और औद्योगिक कचरे से होने वाले प्रदूषण का मुद्दा भी उठाया। साथ ही स्थानीय आदिवासी उद्यमियों और छोटे व्यवसायों को सामग्री एवं सेवा संबंधी ठेके में अवसर देने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, बातचीत के दौरान एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (एचआर) ने मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए छह महीने के भीतर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। फोरम के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस पहल से स्थानीय आदिवासी युवाओं और भूमि विस्थापित परिवारों को रोजगार के अवसर मिलेंगे तथा क्षेत्र की पर्यावरणीय समस्याओं के समाधान की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

